अयोध्या-कलेक्ट्रेट के प्रवेश द्वार के बाहर प्रदर्शन करते ग्रामीण।
- फोटो : FAIZABAD
अयोध्या। जमीन विवाद में हुई मारपीट के एक मामले को लेकर एक पक्ष की करीब 50 महिलाओं ने शुक्रवार सुबह कलेक्ट्रेट परिसर में धरना दिया गया। महिलाएं दूसरे पक्ष के आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रही थीं। मामले में अयोध्या कोतवाली पुलिस ने दोनों पक्ष की तहरीर पर केस दर्ज किया है।
शुक्रवार सुबह भू-माफिया को गिरफ्तार करो, महिला उत्पीड़न नहीं सहेंगे, लिखी तख्तियों के साथ करीब 50 महिलाएं कलेक्ट्रेट पहुंची। सभी ने पहले बाहर रोड पर धरना दिया, इसके कुछ देर बाद वो अंदर गई और जिलाधिकारी कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन किया।
एक पक्ष की पीड़िता सुब्बा वर्मा निवासी भीखी का पुरवा कोतवाली अयोध्या ने आरोप लगाया कि दूसरे पक्ष के रामनाथ वर्मा ने उनसे छेड़खानी की, विरोध करने पर उसे व उनके पति को मारा पीटा।
गंभीर रूप से घायल उनके पति का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। कहा कि केस दर्ज होने के बाद भी पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं कर रही है। मौके पर एसपी सिटी विजयपाल सिंह ने धरना दे रही महिलाओं को आरोपियों की गिरफ्तारी का आश्वासन देने के बाद लोग माने।
एसपी सिटी ने बताया कि अयोध्या कोतवाली के भीखी का पुरवा में जमीन विवाद के एक मामले में एक पक्ष के रामनाथ वर्मा की तहरीर पर सुब्बा वर्मा, रामकुमार वर्मा व राकेश वर्मा समेत दो अज्ञात पर व दूसरे पक्ष की सुब्बा वर्मा की तहरीर पर रामनाथ वर्मा के खिलाफ मारपीट व अन्य धाराओं में केस दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।