साकेत महाविद्यालय में गुरुवार को अवध विश्वविद्यालय के कुलपति के विरोध में शिक्षक, कर्मचारी काम ठप कर परिसर में तो विद्यार्थी कॉलेज का गेट बंद कर मुख्य मार्ग जाम कर धरना प्रदर्शन पर उतर आए।
शिक्षक काली पट्टी बांध कर कुलपति द्वारा प्राचार्य से की गई अभद्रता की माफी मांगने व एफआईआर दर्ज कराने की मांग पर अड़े थेे तो विद्यार्थी परीक्षा सेंटर बहाल करने की और विवि व कालेज की लड़ाई में छात्रों की बढ़ती परेशानियों को कम करने की मांग करने लगे।
छात्रों के हंगामे के बाद पुलिस ने टेढ़ीबाजार व रानोपाली पर बैरियर लगाकर ट्रैफिक डायवर्ट कर दिया। सूचना पर नगर विधायक वेद प्रकाश गुप्त, एडीएम सिटी विंध्यवासिनी राय मौके पर पहुंच शिक्षक, कर्मचारियों व छात्रों से अलग-अलग वार्ता की तो देर शाम चार बजे प्रदर्शन समाप्त हुआ।
बुधवार के घटनाक्रम के विरोध में शिक्षक व कर्मचारियों ने गुरुवार को काली पट्टी बांध कर प्रथम पाली की परीक्षा सकुशल संपन्न कराई लेकिन दूसरी पाली में बीएससी द्वितीय वर्ष भौतिक विज्ञान तृतीय प्रश्न पत्र व बीए द्वितीय वर्ष अंग्रेजी का प्रथम प्रश्न पत्र की परीक्षा का बहिष्कार कर दिया।
जिससे दोनों विषयों की परीक्षा में शामिल होने वाले 487 विद्यार्थियों की परीक्षा नहीं हो सकी। शिक्षक व कर्मचारी 11 बजे के बाद प्राचार्य कक्ष के सामने धरना पर बैठ गए और कुलपति व विवि प्रशासन विरोधी नारेबाजी करने लगे।
विवि महाविद्यालय शिक्षक संघ अध्यक्ष डा. सीपी सिंह ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि कुलपति किसी भी सेंटर पर जाते हैं वहां के शिक्षक कर्मचारियों से हमेशा अभद्र भाषा में बात करते हैं। यह आतंक निजी कॉलेजों में उनका था, अब यह सरकारी कॉलेजों में भी करने लगे हैं।
जो भी हुआ वह निंदनीय है। यह तानाशाही की हद हो गई है। हमें मजबूर किया जा रहा है कि हम सड़क पर उतर कर विरोध करें। हम लोग परीक्षा कराकर शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। सरकार कुलपति के खिलाफ कार्रवाई नहीं कर रही है।
हमारी मांग है कि कुलपति प्राचार्य से की गई अभद्रता की माफी मांगें और प्रशासन कुलपति के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करे। सभा व धरने में प्राचार्य डा. प्रदीप खरे, हेमंत कुमार सिंह, चीफ प्राक्टर एसपी सिंह, प्रदीप सिंह, डा. अंजनी सिंह, परेश पांडेय, डा. विनय सिंह, डा. अशोक राय, डा. ऋचा पाठक, डा. मनीषा मिश्रा, आदि मौजूद रहे।
शिक्षकों, कर्मचारियों व छात्र-छात्राओं के धरना-प्रदर्शन से शाम लगभग चार बजे तक हंगामे की स्थिति रही। परीक्षा सेंटर बहाल होने की सूचना के बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ और जाम हटने पर यातायात बहाल हो सका।