बीकापुर (अयोध्या)। प्रार्थना सभा की आड़ में कुछ लोगों की ओर से एक धर्म विशेष का प्रचार-प्रसार करने सूचना पर एसटीएफ की टीम ने बृहस्पतिवार दोपहर क्षेत्र के तोरोमाफी दराबगंज में पहुंचकर छानबीन की। मौके से बरामद धार्मिक पुस्तकों के बारे में पूछताछ की गई। कोतवाल राजेश कुमार राय ने एसटीएफ के आने की पुष्टि की, लेकिन कार्रवाई की ज्यादा जानकारी होने से इंकार किया।
तोरोमाफी दराबगंज में बुधवार को प्रार्थना सभा की आड़ में एक धर्म विशेष का प्रचार-प्रसार करने की सूचना पर तहसीलदार आरके वर्मा व सीओ डॉ. राजेश तिवारी ने पुलिस बल के साथ एक मकान पर छामा मारा था। 12 लोगों को पूछताछ के लिए कोतवाली बुलाया था। उनमें ज्यादातर महिलाएं थीं। वे प्रार्थना सभा में शामिल होने पहुंचीं थीं। धर्म परिवर्तन का कोई साक्ष्य न मिलने पर पुलिस ने सभी को शांतिभंग में पाबंद कर एसडीएम कोर्ट में पेश किया, जहां से सभी लोगों को जमानत पर छोड़ दिया गया।