राज्य निर्वाचन आयुक्त एसके अग्रवाल ने कहा कि चुनाव में गड़बड़ी करने वालों के खिलाफ के सख्त कार्रवाई होगी। गुंडा एक्ट, गैंगेस्टर और एनएसए लगाए जाने के लिए कहा गया है।
वह प्रमुख सचिव गृह देवाशीष पांडा के साथ बुधवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में गोरखपुर जोन के गोरखपुर, बस्ती और देवीपाटन मंडल के डीएम और एसपी के साथ पंचायत चुनाव की तैयारियों की समीक्षा कर रहे थे।
गोरखपुर में प्लेन लैंडिंग की समस्या को लेकर वहां के अफसर कलेक्ट्रेट सभागार पहुंचे थे। समीक्षा के बाद पत्रकारों से बातचीत में अग्रवाल ने कहा कि प्रधान का चुनाव राजनीतिक नहीं है।
उन्होंने इसे शांतिपूर्ण और निष्पक्ष कराने की प्रतिबद्धता दोहराई। बताया कि प्रदेश के आठ लाख पदों के चुनाव संपन्न कराने के लिए अराजक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के लिए कहा गया है।
आवश्यकता पर एनएसए, गुंडाएक्ट और गैंगेस्टर लगाया जाएगा। असलहे जमा कराएं जाएंगे। अतिसंवेदनशील बूथों की मतदान के शुरुआत से अंत तक वीडियोग्राफी कराई जाएगी। ऐसे कुल लगभग 10 फीसदी बूथ हैं।
कहा कि मतदान के बाद मतपेटियों को डबल लॉक में रखा जाएगा। यदि कोई प्रधान पद का प्रत्याशी या फिर उसका एजेंट बैलेट बॉक्सों की रखवाली करना चाहता है तो उसे आवेदन करना होगा।
सीसीटीवी के साथ उसकी व्यवस्था कराई जाएगी। मतगणना में विशेष व्यवस्था की जाएगी। सुरक्षा के साथ ही मतगणना के लिए सीसीटीवी कैमरे की व्यवस्था कराई जा सकती है।
उन्होंने कहा कि चुनाव के लिए पर्याप्त संख्या में फोर्स की व्यवस्था है। समीक्षा के दौरान पता चला कि कुछ जिलों में डीडीसी और बीडीसी के चुनाव के दौरान घटनाओं पर कार्रवाई शिथिल रही।
उन मामलों में गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए हैं। कहा कि चुनाव में आचार संहिता का उल्लंघन करने के मामलों में एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।
उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रशासन पुलिस और लोगों के सहयोग से चुनाव निष्पक्ष और शांतिपूर्ण होंगे। बैठक में एडीजी कानून व्यवस्था दलजीत सिंह चौधरी सहित जोन, मंडल और जिलों के कई अफसर मौजूद थे।