मानसून की पहली बरसात जहां लोगों को भीषण गर्मी से राहत प्रदान करने वाली रही, वहीं बारिश से बिजली लाइन में खराबी व ब्रेक डाउन की स्थिति से निपटने में पावर कॉर्पोरेशन के अफसरों व कर्मियों को पसीने छूट गए।
हालांकि बारिश के दौरान जुड़वा शहरों फैजाबाद व अयोध्या में आपूर्ति में आई बाधा को दूर कर उसे सुचारु बनाए रखने की कोशिश रही। शुक्रवार की भोर से मानसून की शुरू हुई बारिश शनिवार को पहली बेला तक लगातार रुक-रुक कर होती रही।
बारिश का असर रहा कि शहरी क्षेत्र में रीडगंज, चौक, देवकाली, रिकाबगंज, नियावां, सआदतगंज, सिविल लाइंस, मोदहा सहित अन्य इलाकों में शॉर्टसर्किट व अन्य कारणों से ब्रेक डाउन की स्थिति रही।
पावर कॉर्पोरेशन के अफसर व कर्मी बरसात थमने के बाद खराबी को ढूंढते और उसे ठीक कर आपूर्ति बहाल करने की मशक्कत करते रहे। हालात यह रहे कि बारिश के दौरान बिजली के आने और जाने का दौर बना रहा। इस बारिश में यह जरूर रहा कि शहरी क्षेत्र में बड़ी खराबी सामने नहीं आई।
धारा रोड पर आई खराबी में कॉर्पोरेशन कर्मियों को कड़ी मशक्कत जरूर करनी पड़ी। विद्युत वितरण खंड प्रथम के अधिशासी अभियंता अशोक कुमार का कहना है कि बारिश के कारण क्षेत्र के कई स्थानों पर शॉर्टसर्किट व लाइनों में खराबी से ब्रेक डाउन की स्थिति रही। लगातार बारिश के बावजूद इन खराबियों को ठीक कर आपूर्ति व्यवस्था को सुचारु बनाए रखा गया।