अयोध्या। बारिश से शहर की विद्युत व्यवस्था पूरी तरह चरमराई गई। आधा शहर शनिवार रात दो बजे के बाद अंधेरे में डूब गया। इससे सवा लाख से अधिक की आबादी गर्मी व उमस का दंश झेलती रही।
रामनगरी समेत फैजाबाद शहर के अधिकांश इलाकों में रविवार देर शाम भी बिजली बहाल नहीं हो पाई है। पावर कॉरपोरेशन के अधिकारियों ने माना है कि बारिश के कारण शहर के अधिकांश 11 केवीए फीडरों पर बड़ी संख्या में फाल्ट सामने आए हैं।
लगातार हो रही बारिश के चलते फाल्ट को दुरुस्त करने में समय भी लग रहा है। इस दौरान शहरवासी गर्मी व उमस का दंश झेलते रहे।
देवकाली फीडर की लाइनें कई जगह जलने, अमानीगंज में जिस्ट पंचर होने, कौशलपुर फीडर पर ट्रॉसफार्मर खराब होने, सहादतगंज में पेड़ गिर जाने समेत कई बड़े फाल्ट सामने आए। इस दौरान देवकाली, अमानीगंज, चौक, लालबाग, सहादतगंज सहित कौशलपुरी के फीडरों पर विद्युत प्रवाह पूरी तरह से प्रभावित हो गया।
हालांकि फाल्ट की जानकारी पर पावर कॉरपोरेशन सजग रहा लेकिन लगातार बारिश के चलते फाल्ट देर शाम तक दुरुस्त करने में जुटे रहे।