अयोध्या। अयोध्या धाम में अंतरराष्ट्रीय स्तर के डाकघर का निर्माण होगा। इसको लेकर बुधवार को पोस्टमास्टर जनरल विवेक कुमार दक्ष यहां पहुंचे। उन्होंने डाकघर के लिए जमीन का निरीक्षण किया। फिर कार्यालय में अफसरों के साथ इसको लेकर बातचीत की।
बता दें कि रामकथा पार्क योजना के तहत डाक विभाग की लगभग 11 बिस्वा जमीन उत्तर प्रदेश सरकार ने अधिग्रहीत की थी। तब से डाक विभाग अयोध्या में भव्य डाकघर भवन बनाने के लिए जमीन की मांग उत्तर प्रदेश शासन से कर रहा था। आवास एवं शहरी नियोजन विभाग ने डाक विभाग को 1737.23 वर्ग मीटर जमीन सशुल्क नजूल विभाग से मोहल्ला बेगमपुरा/विभीषण कुंड में अंतरराष्ट्रीय मीडिया सेंटर अयोध्या के सामने उपलब्ध करा दी है। पोस्टमास्टर जनरल विवेक कुमार ने बताया कि धार्मिक नगरी में जनता/पर्यटकों को डाक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए आधुनिक सुविधाओं से युक्त डाकघर का निर्माण कराया जाएगा। डाकघर भवन का निर्माण रामनगरी अयोध्या के वास्तुशिल्प के अनुरूप होगा।
मंडल के प्रवर अधीक्षक डाकघर पीके सिंह ने बताया कि अयोध्या धाम में आधुनिक उप डाकघर भवन के निर्माण से ग्राहकों व पर्यटकों को महत्वाकांक्षी योजनाओं और सीबीएस जैसी सुविधाओं का लाभ मिलेगा।