पंचायत चुनाव के प्रथम चरण की मतदान प्रक्रिया की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गयी हैं। अमानीगंज, मिल्कीपुर व हैरिंग्टनगंज ब्लॉक मुख्यालय से गुरुवार को अव्यवस्था के बीच पोलिंग पार्टियां रवाना हुईं।
कहीं चुनाव सामग्री मिलने को लेकर तो कहीं अंतिम दौर में ड्यूटी कटने व लगाए जाने की जानकारी मिलने से परेशानी हुई।
देर शाम तक सभी 12 जिला पंचायत सदस्य व 267 बीडीसी पदों पर मतदान के लिए बनाए गए 695 बूथों पर पोलिंग पार्टियां पहुंच गईं। शुक्रवार को तीनों ब्लॉकों में सुबह 7 से शाम 5 बजे तक मतदान होगा।
मिल्कीपुर में ब्लॉक मुख्यालय पर गुरुवार को पोलिंग पार्टियों को मतदेय स्थलों पर जाने के लिए वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं।
पूर्वाह्न करीब 11 बजे डीएम अनिल ढींगरा व एसएसपी मोहित गुप्ता ब्लॉक मुख्यालय पर निरीक्षण करने पहुंचे।
अफसरों ने परिसर में बने पोलिंग पार्टियों के काउंटरों का निरीक्षण कर चुनाव ड्यूटी में लगे कर्मचारियों से बैलेट पेपर व अन्य आवश्यक सामग्री तत्काल देकर पार्टियों को रवाना करने का निर्देश दिया।
सहायक निर्वाचन अधिकारी कुमार विप्लव ने क्षेत्र के 247 मतदान केंद्रों पर पोलिंग पार्टियां मजिस्ट्रेटों के साथ रवाना की। मौके पर ही ड्यूटी में लगाए गए निशक्त कर्मियों के स्थान पर अन्य कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है।
एसडीएम मिल्कीपुर गिरीश चंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि क्षेत्र में शांतिपूर्ण मतदान के लिए सुरक्षा व्यवस्था में पुलिस बल की तैनाती की गई है।
साथ ही अति संवेदनशील पोलिंग स्टेशनों पर मजिस्ट्रेट के साथ अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। अमानीगंज में भी मतदान के लिए पोलिंग पार्टियां रवाना हो गईं। ब्लॉक के 86 पोलिंग स्टेशन के 240 बूथों पर मतदान होना है।
मतदान शांतिपूर्ण सम्पन्न कराने के लिए 860 कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। यहां की कमान जोनल मजिस्ट्रेट अरविंद मल्लप्प बंगारी व डीएफओ डा. रविकांत को सौंपी गई है।
इसके अलावा 16 सेक्टर मजिस्ट्रेट को भी तैनात किया गया है। हैरिंग्टनगंज में 64 मतदान केन्द्रों के 208 बूथों पर मतदान होगा।
इस ब्लॉक के तीन जिला पंचायत वार्डों एवं 79 क्षेत्र पंचायत वार्डों पर कुल एक लाख 20 हजार 227 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
हैरिंग्टनगंज जिला पंचायत प्रथम में 23, द्वितीय में 14 और तृतीय में 9 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला होना है।
जिला मजिस्ट्रेट/जिला निर्वाचन अधिकारी अनिल ढींगरा ने बताया कि तीनों ब्लॉक, अमानीगंज मिल्कीपुर एवं हैरिंग्टनगंज में सभी पोलिंग पार्टियां अपने-अपने स्थान पर पहुंच गई हैं।
सभी 42 सेक्टर 6 जोनल मजिस्ट्रेट और 33 स्टेटिक मजिस्ट्रेट पोलिंग पार्टी के सत्यापन, सुरक्षा आदि का निरीक्षण कर तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं।
बताया कि मतदान के दौरान किसी तरह की बाधा पहुंचाने वाले पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।