अयोध्या। साकेत महाविद्यालय में छात्रसंघ चुनाव कराने की मांग को लेकर 3 दिनों से अनिश्चितकालीन धरने पर डटे छात्रों ने गुरुवार देर रात महाविद्यालय प्रशासन द्वारा चुनाव कराने के आश्वासन के बाद धरना समाप्त कर दिया। महाविद्यालय प्रशासन ने चुनाव के लिए 5 सदस्य समिति का गठन किया है। यह समिति 28 दिसंबर तक अपनी रिपोर्ट देगी। इसके बाद चुनाव की तिथि तय करने का आश्वासन दिया गया है।
इससे पूर्व छात्रसंघ चुनाव कराने की मांग को लेकर धरने पर बैठे छात्रों के समर्थन में गुरुवार को पूर्व मंत्री तेज नारायण पांडेय ने भी महाविद्यालय पहुंचकर आवाज बुलंद की। उन्होंने साकेत महाविद्यालय के प्राचार्य से छात्रसंघ चुनाव कराने को लेकर वार्ता भी की।
पूर्व मंत्री द्वारा छात्रों के समर्थन में आवाज बुलंद करने का असर यह रहा कि देर रात प्रशासन के आला अधिकारियों ने प्राचार्य नर्वदेश्वर पांडेय के साथ मिलकर धरने पर बैठे छात्रों से घंटों वार्ता की।
प्राचार्य डॉ. नर्वदेश्वर पांडेय ने बताया कि आरएम व सीओ अयोध्या की सहमति से पांच सदस्य समिति का गठन किया गया है। यह समिति लिंग दोह सिफारिशों का अध्ययन कर 28 दिसंबर तक अपनी अनुशंसा रिपोर्ट देगी जिसके बाद चुनाव कराने की तिथि घोषित की जाएगी। धरने पर बैठे छात्र नेता शेष नारायण पांडेय, अजय मिश्रा, अंकुर सिंह, मीनाक्षी उपाध्याय, शिवांश तिवारी ने बताया कि महाविद्यालय प्रशासन के आश्वासन के बाद धरना समाप्त कर दिया गया है।