स्वतंत्रता दिवस को सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस महकमे ने शुक्रवार को जुड़वा शहरों अयोध्या व फैजाबाद में पैरामिलेट्री फोर्स के साथ सड़क पर मार्च कराया। उधर वीडियो कांफ्रेंसिंग कर डीजीपी व प्रमुख सचिव ने सावन झूला मेला व 15 अगस्त को लेकर हिदायत दी और तैयारियों की जानकारी ली।
इसके बाद जनपद के सभी थाना, कोतवाली व पुलिस कार्यालयों को झालर से रोशन किया गया है। विकास भवन में डीआईजी वीके गर्ग, एसएसपी उमेश कुमार व एसपी सिटी आरएस गौतम से वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए मुखातिब डीजीपी जगमोहन यादव व प्रमुख सचिव गृह देवीशीष पंडा ने सुरक्षा तैयारियों की जानकारी ली।
आजादी की वर्षगांठ तथा अयोध्या के सावन झूला मेला को सकुशल संपन्न कराने के लिए हिदायत दी। वहीं जनपद के नागरिकों में सुरक्षा के प्रति मुतमईन करने तथा भरोसा दिलाने के लिए जुड़वा शहरों अयोध्या व फैजाबाद में आरएएफ जवानों के साथ इलाकाई पुलिस व अधिकारियों ने मार्च किया।
इस दौरान एसपी सिटी आरएस गौतम, सीओ सिटी यमुना प्रसाद, सीओ अयोध्या दिनेश कुमार समेत अन्य मौजूद रहे। पुलिस कार्यालय से बताया गया कि जिले के सभी थाना व कोतवाली प्रभारियों समेत अन्य को आजादी के जश्न के मद्देनजर रौशनी करने तथा खुशी मनाने का निर्देश दिया गया है।