बीकापुर। एडीजी जोन एएन सावत ने शनिवार दोपहर बीकापुर कोतवाली का औचक निरीक्षण किया। पुलिसकर्मियों को कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिया। कहा कि अच्छी पुलिसिंग को चौकस और अपराधों को रोकने के लिए संवेदनशील रहना जरूरी है।
हर बीट प्रभारी को प्रयास करना चाहिए कि अपराध घटित होने के पहले उसको रोका जाए, जिससे आपराधिक घटना को घटित होने से बचाया जा सके। कोरोना संक्रमण के दौरान फील्ड में काम करने वाले पुलिस कर्मियों को उन्होंने सावधानी बरतने को कहा जिससे संक्रमण की संभावना न पैदा हो। प्रशासन द्वारा संक्रमण से बचाव के लिए जारी की गई एडवाइजरी का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्ती से पेश आने के लिए कहा।
एडीजे ने कोतवाली परिसर में जहां सीज की गई और दुर्घटनाग्रस्त गाड़ियां खड़ी होती हैं। वहां रोटावेटर से जोतवा करके साफ-सफाई कराने के लिए कहा और पूरे थाने को सैनिटाइज करने के लिए निर्देश दिए। वहीं पर एडीजी एसएन सावत ने कोतवाली के चौकीदारों से मुलाकात की और उनका हालचाल जाना। चौकीदारों को सैनिटाइजर और साबुन जरूर उपलब्ध कराया जाए।
चौकीदारों द्वारा आश्रय स्थलों पर की गई अतिरिक्त ड्यूटी के पैसे का भुगतान किए जाने की मांग की गई। उनके द्वारा कोतवाली के बैरियर को भी चेक किया गया। पीआरबी पुलिस का कमरा भी चेक किया गया और कोतवाली कार्यालय का और अभिलेखों का निरीक्षण किया। कोतवाली के पीछे टंकी से बह रहे पानी के संबंध में कोतवाल को पाइप सही कराने के लिए दिशा-निर्देश दिए।
कोविड हेल्पलाइन डेस्क पर मौजूद महिला आरक्षी आकांक्षा यादव, स्मिता पाल से कोतवाली आने वाली महिला फरियादियों और उनके समस्याओं के निस्तारण के बारे में जानकारी की। बताया कि यहां आने वाले फरियादियों को सबसे पहले थर्मल स्क्रीनिंग की जाए और उनके हाथों को सैनिटाइज किया जाए। इसके बाद उनकी समस्या के बारे में पूछा जाए और समस्या का समाधान किया जाए।
कोतवाली के टॉप टेन अपराधियों व गैंगस्टर एक्ट के आरोपियों के बारे में भी निगरानी और कार्रवाई करने का निर्देश दिया। एडीजे ने बताया कि सब कुछ ठीक-ठाक मिला है। जहां कमी मिली है वहां सुधार करने का दिशा निर्देश दिया गया है। निरीक्षण के दौरान एसएसपी आशीष तिवारी, एसपी ग्रामीण शैलेंद्र कुमार सिंह, पुलिस क्षेत्राधिकारी कोमल प्रसाद मिश्र, कोतवाल इंद्रेश यादव सहित कोतवाली के उपनिरीक्षक और अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।