अयोध्या। श्रीरामजन्मभूमि पर भव्य मंदिर निर्माण को लेकर 5 अगस्त को होने वाले भूमि पूजन समारोह में शामिल हो रहे प्रधानमंत्री मोदी की सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन सतर्क है। इसको लेकर हरसंभव उपाय किए जा रहे हैं।
वहीं मंगलवार को आतंकी हमले को लेकर खुफिया एजेंसियों के इनपुट के बाद अयोध्या में सुरक्षा घेरे को और सख्त कर दिया गया। बुधवार को अयोध्या के सभी प्रवेश मार्गों पर तैनात पुलिसकर्मी सतर्क नजर आए।
वाहनों की चेकिंग की गई व बिना आई कार्ड के लोगों को अयोध्या में प्रवेश नहीं दिया गया। इसी क्रम में जिले की पुलिस के साथ-साथ बम स्क्वायड, बीडीएस टीम, एंटी सेबोटाज टीम रेलवे स्टेशन, बस स्टेशन व अन्य सार्वजनिक स्थलों समेत राम जन्मभूमि परिसर के आसपास के क्षेत्रों की सघन तलाशी ली।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अयोध्या दौरे को लेकर जिला प्रशासन सभी आवश्यक कदम उठा रहा है। इसको लेकर मंडल के सभी पुलिसकर्मियों व अधिकारियों की छुट्टी रद्द कर दी गई है। अयोध्या में साकेत महाविद्यालय से लेकर मुख्य कार्यक्रम स्थल श्रीराम जन्मभूमि परिसर व कनक भवन, हनुमानगढ़ी समेत अनेक प्रमुख मठ मंदिरों की सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।
वहीं मंगलवार को आतंकी हमले की खुफिया इनपुट के बाद अयोध्या की सुरक्षा और कड़ी कर दी गई। अयोध्या के प्रवेश मार्गों पर वाहनों की तलाशी व परिचय पत्र देखने के बाद ही उन्हें अयोध्या में प्रवेश दिया जा रहा था।
उदया चौराहे पर चेकिंग कर रहे सीओ सिटी अरविंद चौरसिया ने बताया कि धर्मनगरी अयोध्या में प्रवेश के सभी स्थानों के साथ-साथ जिले में प्रवेश के स्थानों पर पुलिस द्वारा लोगों की सघन तलाशी ली जा रही है।
एसपी सिटी विजय पाल सिंह ने बताया शहर की प्रत्येक हरकतों पर नजर रखी जा रही है। हर संदिग्ध पुलिस के रडार पर है। खुफिया इनपुट के बाद बुधवार को शहर के रेलवे व बस स्टेशन समेत प्रमुख मठ मंदिरों के आसपास तलाशी व चेकिंग अभियान चलाया गया। बताया कि प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर सुरक्षा के सभी आवश्यक प्रबंध किए जा रहे हैं। डाग स्क्वायड व एंटी सेबोटाज टीम ने परिसर के आसपास के क्षेत्रों को खंगाला।
बुधवार को जिले की बीडीएस व डॉग स्क्वायड टीम के साथ-साथ कई अन्य जिलों से आई टीमों ने श्री राम जन्मभूमि परिसर के आसपास के क्षेत्रों को खंगाला। अयोध्या बीडीएस टीम के प्रभारी परशुराम चौधरी ने बताया कि उनकी टीम ने डाग स्क्वायड टीम के साथ राम जन्मभूमि परिसर के गेट नंबर 3 से अंदर ले जा रहे जा रही निर्माण सामग्रियों के वाहनों की तलाशी ली।
बताया कि परिसर के अंदर भी बीडीएस की एक टीम बाहर से आ रहे सामानों की जांच कर रही है। वहीं देवीपाटन मंडल से आए एंटी सेबोटाज टीम के प्रभारी घनश्याम सिंह ने बताया कि उनकी टीम ने राम जन्मभूमि परिसर के आसपास जंगल झाड़ियों की सघन तलाशी ली व वाहनों को भी चेक किया।
हनुमानगढ़ी पर बना बंकर, सुरक्षा सख्त
प्रधानमंत्री के दौरे व आतंकी हमले की संभावना को देखते हुए अयोध्या के मठ मंदिरों की सुरक्षा बढ़ा दी गयी है। सिद्धपीठ हनुमानगढ़ी पर बंकर बनाकर सुरक्षाकर्मियों निगरानी कर रहे हैं। इसके अलावा अयोध्या के प्रवेश मार्गों पर बने बंकरों को भी दुरुस्त किया जा रहा है। नयाघाट बंधा तिराहा, सरयू घाट पर सशस्त्र जवानों की तैनाती की गई है। वहीं जल पुलिस द्वारा सरयू नदी पर लगातार गस्त किया जा रहा है।