डॉ. राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय परिसर के कौटिल्य प्रशासनिक भवन में शुक्रवार को क्रीड़ा परिषद की बैठक हुई, जिसमें खिलाड़ियों के दैनिक भत्ता को दो सौ रुपये से चार सौ रुपये करने का प्रस्ताव हुआ।
कुलपति प्रो. गुलाब चंद्र राम जायसवाल ने स्वीकृति देते हुए कहा कि प्रस्ताव को वित्त समिति से पारित कराने के बाद लागू किया जाएगा।
क्रीड़ा परिषद कार्यालय को वाई-फाई सुविधा से लैस करने का प्रस्ताव हुआ। इसके साथ ही महाविद्यालयों को दी जाने वाली टोकन राशि वित्त समिति की स्वीकृति के साथ फीस वृद्धि के सापेक्ष प्रस्तावित किया गया।
क्रीड़ा परिषद कार्यालय में साफ-सफाई के लिए विश्वविद्यालय सफाईकर्मी की भी व्यवस्था कराएगा। बैठक में डॉ. प्रवीण कुमार सिंह, डॉ. विनोद पांडेय, डॉ. अशोक शुक्ला, डॉ. आशीष सिंह और डॉ. विनोद श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।