अयोध्या। सूबे के मुख्य निर्वाचन अधिकारी एल. वेंकेटेश्वर लू ने लोगों का अह्वान किया कि ग्राम पंचायत, स्थानीय निकाय, सहकारिता आदि के चुनाव में अपनी भूमिका बेहतर ढंग से निभाएं।
लोकतंत्र को मजबूत करने में आगे आए। वह डा. राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय के संतकबीर सभागार में लोकसभा सामान्य निर्वाचन स्वीप कार्यक्रम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले को प्रमाण पत्र वितरण के अवसर पर बोल रहे थे। उन्होंने यहां अयोध्या के 110 और अंबेडकरनगर के 90 अधिकारियों, स्वयंसेवी संगठनों, अध्यापकों को प्रमाण-पत्र दिया।
कार्यक्रम और पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि हमें इस क्षेत्र में सकारात्मक पहल करनी चाहिए। धार्मिक एवं सांस्कृतिक तथा दार्शनिक बातों में कर्म को ही प्रधान बताया गया है।
हमें नैतिक वोटिंग, स्थीकल वोटिंग पर जोर देना है। केवल चुनाव के समय ही नहीं, हमेशा अपने व्यवहार में, आचरण में लाना है। जातिवादी व्यवस्था को खत्म किए बगैर भारत का लोकतंत्र मजबूत नही हो सकता।
कहा कि डेमोक्रेसी को कैसे और अच्छा किया जाय इसमें जो विसंगतियां व कमियों को दूर करके। अभी बहुत सारे लोग मतदान में प्रतिभाग नहीं कर रहे है, उनको प्रतिभाग करने के लिए जागरूकता और जो लोग प्रतिभाग किए है वे कितना सोच समझकर वोट किया है क्या वह बिना किसी लालच व दबाव से प्रभावित हुए बिना वोट करें इस दिशा में भी कार्य करें,
जिससे वह प्रत्याशी की जाति न देखकर, क्वालिटी को देखकर मतदान करें, तभी भारत के लोकतंत्र और मजबूत होगा। एक देश एक चुनाव के सवाल पर उन्होंने कहा कि यह ऊपर लेबल का मामला है। यदि उनसे कुछ पूंछा जाएगा तो जरूर जानकारी देंगे।
कमिश्नर मनोज मिश्र ने कहा कि हमारे मंडल के पांचों जिलाधिकारियों ने सूझबूझ के साथ चुनाव को संपन्न कराया। पूरा चुनाव त्रुटिरहित संपन्न हुआ।
उन्होंने मुख्य निर्वाचन अधिकारी का स्वागत करते हुए कहा कि मंडल और जनपद से बहुत लगाव है। आपके इस अनुभव का हमें इस चुनाव में लाभ मिला। डीएम अयोध्या अनुज कुमार झा, डीएम अंबेडकरनगर राकेश कुमार मिश्र की टीम बधाई की पात्र है।
डीएम अयोध्या अनुज कुमार झा ने कहा कि सभी विभागों और सामाजिक संगठनों ने गए कार्यों एवं भूमिकाओं का बेहतर निर्वहन किया। इसीलिए शांतिपूर्ण मतदान संपन्न हुआ।