बीकापुर तहसील के पं जवाहर लाल नेहरू इंटर कॉलेज में जिला पंचायत अध्यक्ष के पति की दबंगई से सोमवार घंटों सड़क पर छात्र-छात्राओं समेत शिक्षकों को रहना पड़ा। कॉलेज के प्रधानाचार्य को जिला पंचायत अध्यक्ष के पति, ठेकेदार व सहकारी बैंक में सभापति विमल सिंह राजू ने शनिवार को घर बुलाया था।
नहीं आए तो संडे को बंद स्कूल के हर कमरे व आफिस समेत प्रसाधन तक में अपने ताले बंद करवा दिए। सोमवार को स्कूल आए प्रधानाचार्य, शिक्षक व छात्र कॉलेज के ताले पर दूसरा ताला बंद देख हैरत में पड़ गए। किसी तरह मामला हल हुआ, फिर ताला खुला।
गौरतलब है कि जवाहर लाल इंटर कॉलेज जिला पंचायत के नियंत्रण में है। स्कूल में एक शिक्षक की जॉयनिंग कराने को लेकर प्रिंसपल और जिला पंचायत अध्यक्ष श्वेता सिंह के प्रतिनिधि व पति विमल सिंह राजू में विवाद चल रहा है।
प्रधानाचार्य को अपने आवास पर बात करने के लिये बुलाया था मगर नहीं आये इस कारण मैंने कॉलेज में ताला लगवा दिया। क्रोध में हमसे गलती हुई है, कुछ गलत भी बोल दिया था। विद्यालय में अनिमितताएं व गुटबाजी है। अनुशासन की कमी है। फर्जी तरीके से नियुक्ति की गयी है। जिसकी जांच करवायी जाएगी।
- विमल सिंह राजू, जिला पंचायत अध्यक्ष के पति
गुंधौर के बबलू सिंह पहले यहां पर पढ़ाते थे। फिर में बाद में उन्हें हटा दिया गया था। मामला कोर्ट में चल रहा है। विमल कुमार सिंह उनकी जॉयनिंग कराना चाह रहे हैं जिसको लेकर मुझसे विवाद चल रहा है। आखिर बिना आदेश के मैं कैसे जॉयन करा दूं।
- राजेंद्र शर्मा, प्रिंसपल
मामला अभी मेरे संज्ञान में नहीं है, इस बाबत जानकारी कर आवश्यक कदम उठाया जाएगा। बच्चों की पढ़ाई किसी भी हाल में प्रभावित नहीं होने पाएगी।
- देवी सहाय तिवारी, डीआईओएस