मवई। रुदौली तहसील से जमानत कराकर वापस लौट रहे ग्रामीणों से भरी पिकअप अज्ञात वाहन की टक्कर से नेशनल हाईवे पर पलट गई। इससे पिकअप पर सवार 19 लोग घायल हो गए। जिन्हें हाइवे चौकी पुलिस ने सीएचसी मवई पहुंचाया। जहां से गंभीर हालत में चार लोगों को चिकित्सकों ने लखनऊ रेफर किया है।
वही घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंचे रुदौली विधायक रामचंद्र यादव ने घायलों का कुशलक्षेम जाना और सभी का ढंग से इलाज कराने का निर्देश दिया। इसके साथ लखनऊ स्थित राम मनोहर लोहिया अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक से वार्ता कर घायलों का समुचित इलाज कराने को कहा।
मवई थाना क्षेत्र के ओहरामऊ सहजना गांव के कुछ ग्रामीणों को पंचायत चुनाव के मद्देनजर 107/116 के तहत पाबंद किये जाने के लिए तहसील से नोटिस जारी हुई थी। इस पर गांव के करीब 24 लोग एक पिकअप से तहसील रुदौली जमानत कराने के लिए पहुंचे थे।
तहसील से लौट रही पिकअप को नेशनल हाईवे पर पुलिस चौकी के निकट अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी जिससे वह सड़क किनारे गड्ढे में पलट गई। जिससे उसमें सवार अशरफी लाल, राम कुशभर, जगतनाथ, भोला प्रसाद, रामगोपाल, शिवकरन, राम सजीवन, राम मगन, राम कृष्ण, रोशनलाल, राम कुमार, राम नारायण, शिव कुमार, रामराज, रामलखन, राजेन्द्र, रामकिशोर, मैकूलाल, राजेश यादव घायल हो गए।
चिकित्सा अधीक्षक डॉ रविकांत वर्मा ने बताया कि सीएचसी मवई में 19 घायल का प्राथमिक इलाज किया गया है जिसमें से राजेश यादव, रामगोपाल, रोशन लाल, राम कृष्ण की हालत गंभीर होने के चलते लखनऊ रेफर किया गया है। बाकी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है। हाईवे चौकी प्रभारी जितेंद्र यादव ने बताया कि सभी घायलों को सीएचसी मवई में भर्ती कराया गया है।