सात हजार लोगों की पेयजल आपूर्ति ठप, आज पानी मिलने की आस
माई सिटी रिपोर्टर
अयोध्या। नोटिस व सख्ती के बाद भी 13 किलोमीटर लंबे रामपथ का निर्माण कर रही आरएनसी कंपनी की लापरवाही कम नहीं हो रही है। इसका खामियाजा लोगों को भुगतना पड़ रहा है। कंपनी के कर्मचारियों ने रविवार दोपहर खोदाई के दौरान गुलाबबाड़ी तिराहे के पास आठ इंच की पेयजल लाइन फिर तोड़ दी। इससे सात हजार घरों को पेयजल आपूर्ति करने वाले नौ नलकूप और चार पानी की टंकियों की आपूर्ति रविवार दोपहर एक बजे से बंद हो गई।
पानी नहीं मिलने से लोगों को भारी दिक्क्तों का सामना करना पड़ा। देर शाम खबर लिखे जाने तक लाइन की मरम्मत का काम जारी था। अधिकारियों का कहना है कि सोमवार सुबह जलापूर्ति सुचारू होने की संभावना है। जलकल विभाग की अवर अभियंता अनु जायसवाल ने रविवार को बताया कि तमाम निगानी के बाद भी कंपनी के कर्मचारी लापरवाही बरत रहे हैं। तीन दिन सबकुछ सही रहने के बाद रविवार को फिर पेयजल लाइन तोड़ दी। यही नहीं बीते दिनों खवासपुरा के पास चार-चार इंच की लाइन तोड़ दी थी। मरम्मत के नाम पर कैप लगा दी, जिससे पानी का प्रेशर कम हो गया। अब भी कई जगह लाइन लीकेज से जहां पेयजल आपूर्ति का प्रेशर कम हो रहा है, वहीं हजारों लीटर पानी रोज बर्बाद हो रहा है। इन सारी समस्याओं से लोकनिर्माण विभाग फेज तीन के अधिशासी अभियंता को पत्र लिखकर अवगत कराया है। साथ ही इसकी सूचना मंडलायुक्त और जिलाधिकारी को भी दी है।