अयोध्या में होली पर्व के बाद पड़ने वाले पहले मंगल को बड़े मंगल के रुप में मनाये जाने को लेकर पतित पावनी सरयू में डूबकी लगाते श्रद्धालुगण।
- फोटो : अमर उजाला
बुढ़वा मंगल पर्व पर मंगलवार को रामनगरी में भारी संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। सरयू तट से प्रमुख मठ-मंदिरों में सुबह से देर शाम तक दर्शनार्थियों का रेला रहा। हनुमानगढ़ी मंदिर के सामने राजद्वार पार्क के सामने विभिन्न जिलों से पहलवानों ने हिस्सा लेकर अपने जौहर का प्रदर्शन किया। उधर फैजाबाद के नाका हनुमानगढ़ी समेत देहातों में भी लोगों ने मंदिरों में बुढवा मंगल की होली मनाई।
होली पर्व के बाद पड़ने वाले पहले मंगल को बड़े मंगल के रुप में मनाये जाने को लेकर आज भोर से ही हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ रही। सरयू में डुबकी लगाकर श्रद्धालुओं की भीड़ प्रसिद्ध नागेश्वरनाथ, हनुमानगढ़ी, कनक भवन, श्रीराम जन्मभूमि आदि प्रमुख मंदिरों में दर्शन-पूजन के लिए लगी रही।
भट्ठों व अन्य स्थानों पर मजदूरी करने वाले मजदूरों की भारी भीड़ से हनुमानगढ़ी व आसपास के क्षेत्रों में सुबह से शाम तक मेले जैसा दृश्य रहा। भीड़ के दबाव के मद्देनजर पुलिस को यातायात भी प्रतिबंधित कर देना पड़ा। दूसरी बेला के बाद ही यातायात सामान्य हो सका।
बुढ़वा मंगल के अवसर पर संकट मोचन सेना क्लब के तत्वाधान में हनुमानगढ़ी मंदिर के सामने राजद्वार पार्क के प्रांगण में विराट कुश्ती दंगल का आयोजन किया गया। जिसमें विभिन्न जिलों से आये पहलवानों ने अपनी कुश्ती कला का प्रदर्शन किया। इस दंगल प्रतियोगिता में हनुमानगढी के पहलवानों का जलवा रहा। प्रतियोगिता में जिला व मंडल केसरी का चयन में हनुमानगढ़ी के पहलवानों ने ही बाजी मारी।