देवकाली मार्ग पर जाम में फंसे लोग।
- फोटो : अमर उजाला
चौक क्षेत्र में किसी न किसी काम से जाने वाले लोगों को जाम के झाम से रोज जूझना पड़ता है। यह समस्या काफी समय से है, लेकिन इसके निपटारे के कोई इंतजाम नहीं किए जा रहे हैं। जाम के दौरान सड़कों पर वाहन रेंगते हैं।
जाम में लोग घंटों फंस रहते हैं। नरेंद्रालय, पुरानी मछली मंडी व कनक चित्र मंदिर परिसर में पार्किंग बनाने के लिए तत्कालीन डीएम अनिल धींगरा के साथ नगरपालिका ने खाका खींचा था, मगर अमल की फाइल दब गई।
शहर के सबसे व्यस्त इलाके चौक की ओर जाने वाली सड़कों की चौड़ाई तो बढ़ी है, लेकिन पटरियों के अलावा सड़क पर वाहन व ठेले खड़े होने लगे। नतीजा यह है कि सड़क सिकुड़ गई है। फतेहगंज, साहबगंज, गुदड़ी बाजार, रिकाबगंज, देवकाली और नाका में चौक की ओर जाने वाले दो पहिया तथा चार पहिया वाहनों को रोकने के लिए पार्किंग स्थल बनाना था।
व्यापारियों और बुद्धिजीवियों ने जाम और नो इंट्री इलाके में वाहनों के प्रवेश पर पैदा होती परेशानियों से डीएम को अवगत कराया था। डीएम ने पालिका से कनक चित्र मंदिर परिसर, पुरानी मछली मंडी व उसकी खाली पड़ी जमीनों को पार्किंग स्थल के रूप में प्रयोग करने को कहा था।
चौक फलमंडी को कोतवाली के पीछे करने, रिकाबगंज से पापुलर मेडिकल स्टोर तक डिवाइडर खत्म कर उसे स्टैंड बनाने की योजना थी, लेकिन कहीं कुछ नहीं हुआ और लोग आज भी जाम से जूझ रहे हैं।