सुल्तानपुर रेलवे स्टेशन पर ट्रैक दोहरीकरण और नॉन इंटरलॉकिंग का कार्य शुरू होने से 17 मार्च की सुबह 11:05 बजे फैजाबाद पहुंचकर वापस प्रयाग जाने वाली प्रयाग-फैजाबाद पैसेंजर (54371/72) निरस्त कर दी गयी है। दो बजे पहुंचकर पौने छह बजे प्रयाग जाने वाली (54373/74) प्रयाग-फैजाबाद पैसेंजर ट्रेन को 13 और 16 मार्च को निरस्त किया गया है।
गुरुवार व रविवार को मुंबई जाने वाली साकेत एक्सप्रेस (11067/68) 17 मार्च तक अकबरपुर-जौनपुर-जंघई होकर मुंबई जायेगी व आयेगी। सुल्तानपुर रूट की कई ट्रेनें वाया फैजाबाद चलेंगी। फैजाबाद के स्टेशन अधीक्षक दिग्विजय कुमार ने बताया कि सुलतानपुर में नॉन इंटरलॉकिंग का कार्य होने से प्रयाग से सुबह फैजाबाद आने और दोपहर बाद 13:20 बजे रवाना होने वाली पैसेंजर ट्रेन 17 मार्च तक निरस्त कर दी गयी है।
प्रयाग को प्रतिदिन सायंकाल पौने छह बजे रवाना हो रही फैजाबाद-प्रयाग पैसेंजर केवल 13 व 16 मार्च को नहीं चलेगी। लखनऊ-सुल्तानपुर ट्रैक से गुजरने वाली अप/डाउन अमृतसर-हावड़ा एक्सप्रेस, डाउन कोटा-पटना एक्सप्रेस, अप/डाउन दिल्ली-माल्दा फरक्का एक्सप्रेस तथा अप रक्सौल रोहिल्ला-दिल्ली सद्भावना एक्सप्रेस 10 से 17 मार्च तक लखनऊ से बाराबंकी-फैजाबाद होते हुए जौनपुर पहुंचेंगी।
अप 14015 रक्सौल-दिल्ली सद्भावना एक्सप्रेस 14 से 16 मार्च तक फैजाबाद होकर गुजरेगी। डाउन इंदौर-राजेंद्र नगर एक्सप्रेस 10 और 17 मार्च को फैजाबाद होकर चलेगी।