अयोध्या। त्रिस्तरीय पंचायत उपचुनाव की तैयारियां पूरी हो गईं है। उपचुनाव जिले के 10 ब्लॉकों के साथ नगर पालिका परिषद रुदौली में कराया जा रहा है।
उप निर्वाचन में पांच प्रधान, तीन बीडीसी, 80 ग्राम पंचायत सदस्य पद के साथ नगर पालिका के एक वार्ड शामिल है। नामांकन ब्लॉकों के साथ ही रुदौली तहसील के मीटिंग हाल में बुधवार को 10 से चार बजे तक होगा। नामांकन के दौरान पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था रहेगी।
पंचायत एवं नगर निकाय निर्वाचन विभाग ने सभी दस ब्लॉकों और नगर पालिका रुदौली के लिए निर्वाचन अधिकारी के साथ ही एक सहायक निर्वाचन अधिकारी की तैनाती की गई है।
पांच प्रधान पदों में मसौधा ब्लॉक के तीन, पूरा बाजार के एक और मवई के एक ग्राम पंचायत अध्यक्ष पद के लिए उप निर्वाचन कराया जाएगा।
मसौधा की ग्राम पंचायत पोरा के प्रधान राम किशोर, दोस्तपुर की प्रधान भानुमती की मौत और सिडहिर के प्रधान राम मूर्ति को पदच्युत किए जाने के कारण कराए जा रहे हैं।
तो मवई ब्लॉक के सुल्तानपुर में प्रधान की मौत और पूरा बाजार के मांझा बरेहटा की प्रधान के अंडरएज होने पर न्यायालय से निर्वाचन शून्य घोषित कर दिए जाने के बाद उपचुनाव कराए जा रहे हैं।
क्षेत्र पंचायत सदस्यों के लिए रुदौली के वार्ड संख्या 35 दफियापुर की सदस्य, मिल्कीपुर के वार्ड संख्या 13 के अरमारुपीपुर और वाड संख्या 30 मजनाई पूर्वी के सदस्य की मौत के बाद रिक्त हुए पदों पर उप निर्वाचन कराए जा रहे हैं।
जिले के विभिन्न ब्लॉकों के कुल 80 ग्राम पंचायत सदस्यों के रिक्त पदों के लिए भी उपचुनाव कराए जा रहे हैं। नगर पालिका पारिषद रुदौली के वार्ड संख्या तीन की रिक्त सीट के लिए भी उपचुनाव कराए जा रहे हैं।
सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी सूर्य भान ने बताया कि पांच प्रधान, तीन बीडीसी और 80 ग्राम पंचायत सदस्यों के साथ नगर पालिका परिषद के वार्ड संख्या तीन के लिए उप निर्वाचन कराए जा रहे हैं। 26 जून को 10 से चार बजे तक नामांकन पत्र रिटर्निंग अफसरों के समक्ष दाखिल किए जाएंगे। नामांकन के दौरान सुरक्षा के लिए पुलिस फोर्स की व्यवस्था रहेगी।