सरकारी राइफल से गले में गोली मारने की आशंका
हादसा या आत्महत्या की हो रही जांच, आईजी ने बताया हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
अयोध्या। थाना रामजन्मभूमि अंतर्गत रेड जोन स्थित वेद मंदिर के पास क्रॉसिंग वन पर तैनात पीएसी के एक सिपाही की गोली लगने से संदिग्ध स्थिति में मौत हो गई। घटना के समय मृतक सिपाही शिफ्टवार होने वाली बंकर ड्यूटी पर अकेला ही तैनात था। इसी दौरान सरकारी राइफल से चली गोली लगने से वह गंभीर घायल हो गया। मेडिकल कालेज ले जाने के दौरान उसकी मौत हो गई।
मृतक सिपाही ने आत्महत्या की या उसके साथ कोई हादसा हुआ, पुलिस इसकी जांच कर रही है। घटना की जानकारी के बाद मौके पर पहुंची पीएसी की आईजी अपर्णा कुमार ने प्रथम दृष्टया इसे एक दुखद हादसा बताया है।
श्रीरामजन्मभूमि जाने वाले मार्ग क्रॉसिंग नंबर वन पर शुक्रवार की सुबह प्रतिदिन के तरह पीएसी व पुलिस के कर्मी सुरक्षा में तैनात थे। इस क्रॉसिंग पर एक बंकर भी बना हुआ है, जिसमें दो घंटे की शिफ्ट में पीएसी का एक जवान तैनात होता है। सुबह करीब छह बजे ड्यूटी पर तैनात कुलदीप कुमार त्रिपाठी बंकर में ड्यूटी के लिए गया। इसके करीब 15 मिनट बाद ही सवा छह बजे अचानक बंकर से गोली चलने की आवाज आई। आसपास मौजूद पीएसी के अन्य जवानों ने जब बंकर के अंदर देखा कुलदीप जमीन पर पड़ा तड़प रहा था। उच्चाधिकारियों को सूचना देने के बाद साथी उसे श्रीराम अस्पताल ले गए, जहां से उसे मेडिकल काॅलेज रेफर कर दिया गया। जहां ले जाने के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
पुलिस ने मृतक जवान के परिवारीजनों को सूचना देकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है। घटना की सूचना पर आईजी प्रवीण कुमार, एसएसपी राजकरन नय्यर, एसपी सिटी मधुबन सिंह, एसपी सुरक्षा पंकज पांडेय समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने फोरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच पड़ताल की। एसपी सिटी ने बताया कि जांच रिपोर्ट के बाद ही मौत कैसे हुई, इसका पता चलेगा।
आखिर इंसास राइफल से कैसे चली गोली
घटना के समय मृतक सिपाही कुलदीप इंसास राइफल के साथ ड्यूटी कर रहा था। उसे गोली ठुड्डी के नीचे लगी जो सिर में जा धंसी। इससे पता चलता है कि राइफल उसके सीने से सटी हुई थी। अमूमन इस राइफल से दो तरह के फायर होते हैं, पहला सिंगल शॉट, दूसरा थ्री राउंड ब्रस्ट। फायर करने के लिए डबल लॉक भी होते हैं, बिना लॉक खाेले रायफल से फायर होने की संभावना न के बराबर होती है। अब ऐसे में गोली कैसे चली, यह रहस्य बना हुआ है।
बैरल साफ करते समय गोली चलने की आशंका
जांच से जुड़े कुछ अधिकारियों ने बताया कि घटना के समय पानी बरस रहा था। आशंका है कि राइफल के बैरल में पानी चले जाने के बाद इसे साफ करते समय हादसा हुआ होगा। फिलहाल पुलिस अधिकारी इसे एक हादसा ही मान रहे हैँ।
आईजी ने दिलाया हर संभव मदद का भरोसा
-मृतक सिपाही बांसी जिला सिद्धार्थनगर का निवासी था। वह 25 बटालियन पीएसी रायबरेली की बी कंपनी में तैनात था। वह 2019 में पीएसी में भर्ती हुआ था। अयोध्या पहुंची पीएसी की आईजी अपर्णा कुमार ने पोस्टमार्टम हाउस में मृतक जवान के परिवारीजनों से मुलाकात कर उन्हें विभागीय स्तर पर हर तरह की मदद का आश्वासन दिया है। परिवार के लोगों ने भी मृतक को किसी भी तरह का कोई मानसिक तनाव न होने की बात कही है।