राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार को कोतवाली क्षेत्र के बूथ नंबर चार के पास एक कंटेनर ने श्रद्धालुओं को ले जा रही ट्रैक्टर-ट्रॉली में टक्कर मार दी। दुर्घटना में ट्रैक्टर-ट्रॉली सवार एक श्रद्धालु की मौत हो गई, जबकि दो घायल हो गए।
पड़ोसी जिला बस्ती के हरैया कोतवाली क्षेत्र निवासी श्रद्धालु मंगलवार को ट्रैक्टर-ट्रॉली पर सवार होकर अयोध्या दर्शन-पूजन व सरयू स्नान को आये थे। दोपहर साढ़े 12 बजे श्रद्धालु ट्रैक्टर-ट्रॉली से वापस अपने घर जा रहे थे।
इसी दौरान हाईवे पर रघुकुल ढाबा के पास एक कंटेनर ने श्रद्धालुओं की ट्रैक्टर-ट्रॉली में टक्कर मार दी। हादसे में श्रद्धालु रमाशंकर निषाद (38) पुत्र रामसेवक गंभीर रूप से घायल हो गया। जबकि ट्रॉली पर सवार जगदीश व कल्लू को भी चोटें आईं।
सूचना पर पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल भिजवाया। जहां अस्पताल के डॉक्टर ने रामशंकर को मृत घोषित कर दिया। जबकि जगदीश व कल्लू को भर्ती कर लिया है। रामशंकर करमपुर मांझा का निवासी था।
ट्रॉली पर सवार अन्य श्रद्धालु भी उसी के गांव के थे। कोतवाल राजेश कुमार सिंह ने बताया कि वाहनों की टक्कर की सूचना पर घायलों को अस्पताल भिजवाया गया। पुलिस ने कंटेनर को कब्जे में लिया है। चालक मौके से भाग निकला। एक श्रद्धालु की मौत हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया है। अभी तहरीर नहीं मिली है।