माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट परीक्षा 18 फरवरी गुरुवार सेे शुरू हो रही है। जिले में हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षा में एक लाख ग्यारह हजार 463 परीक्षार्थी 213 परीक्षा केंद्र पर परीक्षा देंगे।
जिले में 16 परीक्षा केंद्रों पर गड़बड़ी की आशंका के कारण उन्हें संवेदनशील और अति संवेदनशील परीक्षा केंद्र घोषित किया गया है। नकल विहीन परीक्षा कराने के लिए विभाग के के स्तर पर जिले में छह सचल दल बनाए गए हैं।
इसके अलावा प्रशासन के स्तर से तहसील स्तर पर सेक्टर मजिस्ट्रेट की तैनाती की जा रही है। जिले में बोर्ड परीक्षा के प्रश्न पत्र और उत्तर पुस्तिकाओं का वितरण हो चुका है।
माध्यमिक शिक्षा परिषद बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षा से एक दिन पहले शिक्षा विभाग में कक्ष निरीक्षकों की कमी को पूरा करने के लिए बेसिक शिक्षा विभाग से गुहार होती रही।
बोर्ड परीक्षा कराने के लिए शिक्षा विभाग को पांच हजार 681 शिक्षकों की जरूरत है। माध्यमिक शिक्षा में 3200 शिक्षक कार्यरत हैं। दो हजार 481 कक्ष निरीक्षकों की कमी दूर करने के लिए विभाग ने बीएसए से मांग की थी।
देर शाम तक बेसिक शिक्षा विभाग ने जिले के मान्यता प्राप्त जूनियर हाईस्कूल और प्राथमिक विद्यालयों के शिक्षकों को बोर्ड परीक्षा में कक्ष निरीक्षक नियुक्त करने की सहमति दे दी।
जिला विद्यालय निरीक्षक राजेंद्र कुमार पांडेय ने बताया कि बेसिक शिक्षा परिषद के निर्देश को परीक्षा के केंद्र के व्यवस्थापकों को भेज दिया गया है। वह खंड शिक्षा अधिकारी की मदद से केंद्र पर कक्ष निरीक्षकों की कमी हुई तो दूर करा सकते हैं।
डीआईओएस ने माना कि पहले दिन कुछ केंद्रों पर शिक्षकों की कमी सामने आ सकती है। इसके लिए केंद्र व्यवस्थापकों को आंतरिक व्यवस्था के आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।