कुचेरा बाजार (अयोध्या)। कुमारगंज थाना क्षेत्र के शिवनाथपुर गांव के पास वनरोज से टकराकर बाइक सवार युवक की मौत हो गई है। कुमारगंज थाने के धनैचा पूरे मेल्थुवा निवासी युवक संजय कुमार (30) शुक्रवार रात करीब 8 बजे अपनी बाइक से सुल्तानपुर जिले के हलियापुर थाना क्षेत्र स्थित बड़ाडांड गांव अपनी रिश्तेदारी जा रहा था।
संजय जैसे ही फैजाबाद-रायबरेली रोड के किनारे स्थित शिवनाथपुर गांव के करीब पहुंचा तभी सड़क पार कर रही वनरोज से टकरा गया। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही कुमारगंज थाने के उपनिरीक्षक रामप्रकाश त्रिपाठी मौके पर पहुंचे और शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
ग्रामीणों का कहना है कि युवक खंडासा थाना क्षेत्र चिरौली गांव का मूल निवासी था। वह धनैचा गांव में स्थित अपने ननिहाल में रहता था, युवक इलेक्ट्रिक वेल्डिंग की दुकान चलाता था, उसके दो छोटे-छोटे बच्चे भी हैं।