मया बाजार (अयोध्या)। तेज रफ्तार कार व बाइक में हुई भिड़ंत के बाद कार ने कॉलेज से घर जा रही दो सगी बहनों सहित तीन छात्राओं को रौंद दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आसपास के लोगों की मदद से घायल छात्राओं को सीएचसी में भर्ती कराया।
जहां चिकित्सक ने प्राथमिक चिकित्सा के बाद तीनों छात्राओं को जिला अस्पताल भेज दिया। यहां घायल एक छात्रा की मौत हो गई जबकि दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार व बाइक को कब्जे में ले लिया है।
घटना सोमवार अपराह्न करीब 3:30 बजे अयोध्या-अंबेडकरनगर स्टेट हाईवे पर महराजगंज थाना क्षेत्र के लक्ष्मणपुर गांव के सामने की है। गोसाईगंज से फैजाबाद की तरफ जा रही कार की मया से गोसाईगंज की तरफ जा रही बाइक से जोरदार टक्कर हो गई।
इसके बाद अनियंत्रित कार ने मया के द्वापर विद्यापीठ अध्ययन कर घर जा रही तीन छात्राओं को रौंद दिया। हादसे की सूचना पर दौड़े ग्रामीणों ने घायल छात्राओं को सीएचसी मया बाजार भेजवाया। जहां चिकित्सक अंशुमान गुप्ता ने प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायल छात्राओं को जिला चिकित्सालय भेज दिया।
जिला अस्पताल में घायल छात्रा अनामिका यादव (16) पुत्री ओमप्रकाश यादव निवासी गांव समंथा थाना महराजगंज की मौत हो गई जबकि मृतका की बहन अंजली यादव (17) व बेनवा मदरहा निवासी रिंकी यादव पुत्री परशुराम यादव की हालत गंभीर बताई जा रही है।
मृतका मया के द्वापर विद्यापीठ की कक्षा-11 की छात्रा थी। प्रभारी इंचार्ज महराजगंज नंद हौसिला यादव ने बताया कि वाहन कब्जे में लेकर वाहन मालिक का पता लगाया जा रहा है।
बाइक की टक्कर से छात्रा घायल
पटरंगा। लखनऊ-अयोध्या नेशनल हाइवे पर पटरंगा थाना के अशरफपुर गंगरैला गांव के मोड़ पर गलत दिशा से आ रही एक तेज रफ्तार बाइक ने पैदल जा रही छात्रा को टक्कर मार दी। हादसे में छात्रा लहूलुहान होकर बीच सड़क पर गिर गई, उसे इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
छात्रा आशा देवी (14) पुत्री राम चरन निवासी अशरफपुर पुर गंगरैला थाना पटरंगा जो रानीमऊ चौराहा के मां संतोषी इंटर कॉलेज की छात्रा है। वह सोमवार अपराह्न विद्यालय में छुट्टी होने के बाद घर जा रही थी कि हाइवे पार करते समय बाइक से टकरा कर घायल हो गई। वहीं बाइक सवार भी चोटिल हो गया है।