ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया।
- फोटो : FAIZABAD
मवई। पटरंगा थाना क्षेत्र के जरैला गांव के पास खेत की जोताई करने को जा रहा एक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। इस हादसे में ट्रैक्टर सवार दो लोग जख्मी हो गए।
चीख सुनकर आननफानन मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने दोनों घायलों को किसी तरह बाहर निकाला। पुलिस दोनों घायलों को सीएचसी मवई ले गई, जहां पर एक किसान ने दम तोड़ दिया। वहीं एक अन्य युवक का इलाज चल रहा है।
गुरुवार दोपहर को मोहनलाल पुरवा निवासी पवन उर्फ नन्हे व पूर्व प्रधान सुरेश कुमार वर्मा खेत की जोताई करने जा रहे थे। जरैला गांव के समीप चकमार्ग पर एक छुट्टा जानवर को बचाने में ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर गड्ढे में पलट गया। जिसके नीचे फंसकर दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना पर पहुंचे हाईवे चौकी प्रभारी जितेंद्र यादव हमराही कांस्टेबल आकाश कुमार, सुशील पाल तत्काल दोनों घायलों को सीएचसी मवई ले गए, जहां इलाज के दौरान पवन उर्फ नन्हे की मौत हो गई।
वहीं घायल सुरेश कुमार वर्मा का इलाज चल रहा है। हाईवे चौकी प्रभारी जितेंद्र यादव ने बताया कि दोनों घायलों को सीएचसी मवई में भर्ती कराया गया था जहां इलाज के दौरान पवन उर्फ नन्हे की मौत हो गई।