फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

महाशिवरात्रि पर शिवमय हुई रामनगरी

Fri, 24 Feb 2017 11:22 PM IST
फैजाबाद
विज्ञापन
अयोध्या-शुक्रवार को शिवरात्रि पर्व पर सरयू में स्नान के बाद प्रसिद्ध नागेश्वरनाथ महादेव मंदिर में पूजन के लिए जाते श्रद्धालुगण। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
महाशिवरात्रि पर्व पर शिव भक्तों की भीड़ से रामनगरी में हर हर-बम बम की गूंज रही। अयोध्या शिवभक्ति के रंग में डूबी रही। सुबह से देर शाम तक हर-हर महादेव के नारे गूंजते रहे। भोर से ही श्रद्धालुओं का रेला सरयू में स्नान के बाद प्रसिद्ध नागेश्वरनाथ, हनुमानगढ़ी, कनक भवन, क्षीरेश्वरनाथ महादेव समेत अन्य शिवमंदिरों में जलाभिषेक के लिए कतारबद्ध बढ़ता रहा।
विज्ञापन


शिवालयों में पूजन-अर्चन व अभिषेक की भारी गहमागहमी रही। बड़ी संख्या में स्थानीय भक्तों के साथ ही आसपास के जिलों से आए श्रद्धालुओं ने शिवमंदिरों में अभिषेक किया। देर शाम तक यह सिलसिला चलता रहा। भारी भीड़ पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहे। पुलिस व प्रशासन के अफसर व्यवस्थाओं का जायजा लेते रहे। 

महाशिवरात्रि की पूर्व संध्या से ही रामनगरी में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने लगी थी। शुक्रवार भोर से सरयू का पावन तट श्रद्धालुओं की जयकारों से गूंजने लगा। सरयू तट से प्रमुख मंदिरों तक जय श्रीराम व हर-हर महादेव की गूंज होती रही। स्नान-दान के बाद श्रद्धालुओं का सर्वाधिक दबाव पौराणिक महत्व की पीठ नागेश्वरनाथ की ओर रहा।
विज्ञापन


जल, दूध के साथ गन्ने के रस से भी भगवान भोले का अभिषेक किया। मंदिरों में दर्शनार्थियों की भीड़ को संभालने में पुलिसकर्मियों को खासी मशक्कत करनी पड़ रही थी। नागेश्वरनाथ के ही पास स्थित चंद्रहरि महादेव मंदिर पर भी भक्तों का जमावड़ा रहा।

अयोध्या नगर के प्रवेश द्वार पर स्थित क्षीरेश्वरनाथ महादेव मंदिर में भी अभिषेक व पूजन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ सुबह से देर शाम तक लगी रही। कनक भवन परिसर स्थित कनकेश्वर महादेव, प्राचीन कोटेश्वर महादेव, दुग्धेश्वर महादेव मंदिर पर भी श्रद्धालुओं ने आस्था अर्पित की।  

फैजाबाद नगर के भी शिवालयों में सोमवार को खासी रौनक रही। भजनों की गूंज, ठंडई व प्रसाद वितरण से शिवरात्रि का उल्लास देखते ही बनता था। रिकाबगंज में झारखंडी मोहल्ले के झारखंडेश्वर मंदिर, परिक्रमा मार्ग के दिल्ली दरवाजा स्थित ऐतिहासिक विघ्नेश्वर शिवमंदिर, मऊशिवाला शिवमंदिर, मिल्कीपुर के सिद्धनाथन मंदिर, रिकाबगंज के झारखंडेश्वर और मनकामेश्वर महादेव मंदिरों में शिवरात्रि की धूम रही।

कंधारी बाजार के सोमश्वर मंदिर, लक्ष्मणपुरी कालोनी के लालबाग स्थित बिरई शिवमंदिर पर शिवभक्तों की भीड़ रही। दूसरी बेला से देर रात तक भंडारा चलता रहा। श्रद्धालुओं की सुरक्षा व सुविधा के लिए व्यापक व्यवस्था की गई थी।

अयोध्या फैजाबाद को सात सेक्टर में बांटकर मजिस्ट्रेट और पुलिस बलों की तैनाती की गई थी। अयोध्या के घाट से मंदिरों पर मजिस्ट्रेट व पुलिस कर्मियों का नजर रही तो फैजाबाद में प्रशासन ने व्यवस्था तगड़ी की थी। 
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें