बीकापुर। तेज रफ्तार कार ने साइकिल सवार वृद्ध को रौंद दिया। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। हादसा रविवार शाम प्रयागराज हाईवे पर हुआ।
कोतवाली क्षेत्र के ही बरहूपुर निवासी सियाराम साइकिल से चौरे बाजार जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार कार ने उन्हें टक्कर मार दी।
सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची चौरे बाजार चौकी पुलिस ने बुजुर्ग को सीएचसी बीकापुर भिजवाया। लेकिन हालत गंभीर होने के कारण चिकित्सक आरसी दुबे ने जिला अस्पताल भेज दिया।
प्रधान प्रतिनिधि सुरेंद्र यादव ने बताया कि इलाज के दौरान जिला अस्पताल में मौत हो गई। हादसे के बाद कार चालक कार छोड़कर मौके से भाग गया। प्रभारी कोतवाली अश्विनी कुमार मिश्र ने बताया कि कार को कब्जे में ले लिया गया है। अभी कोई तहरीर नहीं मिली है।