फैजाबाद में रविवार को सरयू के जलस्तर में कमी आने के बाद निर्मलीकुंड होती कटान।
- फोटो : अमर उजाला
उफनाई सरयू में आई बाढ़ थमने के बाद अब जलस्तर तेजी से घटने लगा है। तीन दिनों से तेजी से हो रही गिरावट का असर रहा कि रविवार को नदी लाल निशान से नीचे पहुंच गई। हालांकि कछारीय क्षेत्रों में बाढ़ से प्रभावित लोग अभी भी दुश्वारियों से जूझ रहे हैं।
पखवारे भर से कछार में कहर बरपाने के बाद सरयू का जलस्तर लगातार नीचे गिर रहा है। लेकिन पूरा ब्लाक के कछारीय इलाकों में बाढ़ से हुई व्यापक तबाही से प्रभावित लोग अभी भी उससे उबर नहीं पाए हैं। हालांकि जलस्तर घटने से लोगों ने राहत जरूर महसूस की है।
शहर के गुप्तार घाट, निर्मली कुंड के तटीय क्षेत्र से होकर बह रही सरयू की धारा से कटान तेज हो रही है। नदी के जलस्तर में गिरावट से गुप्तार घाट की डूबी सीढ़ियों में दो-दो सीढ़ियां दिखने लगी हैं। केंद्रीय जल आयोग के मुताबिक सरयू का जलस्तर तेजी से घटते हुए रविवार को सात बजे 92.730 मीटर पर पहुंच गया। दोपहर एक बजे जलस्तर लाल निशान 92.660 मीटर पर पहुंच कर स्थिर हो गया है।
बताया कि सोमवार की सुबह जलस्तर 92.700 मीटर तक पहुंचने की संभावना है। पूरा बाजार प्रतिनिधि के मुताबिक सरयू में आई बाढ़ से क्षेत्र के सलेमपुर, पूरे चेतन, पिपरी संग्रामपुर, उरदहवा, मूड़ाडीहा, मड़ना माझा बलुइया, रामपुर पुआरी, काजीपुर माझा, बाबा का पुरवा आदि गांव पानी से घिर गए थे। इन गांवों के सैंकड़ों ग्रामीण बंधे व दशरथ समाधि समेत उपरहार के क्षेत्रों में शरण ले रखा है। तीन दिनों से नदी में बाढ़ कम होने से ग्रामीण राहत जरूर महसूस कर रहे हैं।