प्रशासन ने इसकी तैयारी पूरी कर ली है। ब्लॉकों में बैरिकेडिंग की गई है। तीनों ब्लॉक में 214 प्रधान और 2674 सदस्य पदों के लिए बड़ी संख्या में नामांकन पत्र बिके हैं।
जिले के 11 ब्लॉक मेें 835 ग्राम प्रधान और 10555 ग्राम पंचायत सदस्यों के चुनाव की उल्टी गिनती शुरू हो चुकी है। पहले चरण में मिल्कीपुर में 78 ग्राम पंचायतों के प्रधान व 990 सदस्य पदों पर नामांकन के लिए ब्लॉक पर तैयारी पूरी हो गई है। एसडीएम, तहसीलदार, बीडीओ समेत सीओ व थानाध्यक्ष ने बैरिकेडिंग और सुरक्षा व्यवस्था को अंतिम रूप दिया।
अधिकारियों के मुताबिक प्रत्याशी और प्रस्तावक के अलावा किसी को नामांकन स्थल के अंदर जाने की इजाजत नहीं होगी। अमानीगंज में 76 प्रधान व 936 सदस्य और हैरिंग्टनगंज ब्लॉक में 60 प्रधान व 768 सदस्य पदों के नामांकन की तैयारी पूरी हो चुकी है।
तीनों ब्लाक मिल्कीपुर तहसील क्षेत्र में हैं। पहले चरण के लिए मिल्कीपुर, अमानीगंज और हैरिंग्टनगंज क्षेत्र के नामांकन 16 व 17 नवंबर को होंगे। नामांकन पत्रों की जांच 18 व 19 नवंबर और वापसी/चुनाव निशान आवंटन 20 नवंबर को होगा। 28 नवंबर को वोट डाले जाएंगे।