बिजली चोरी के खिलाफ चलाए गए अभियान में पावर कॉर्पोरेशन ने तारुन तथा हैदरगंज थाना क्षेत्र में जनसेवा केंद्र संचालक समेत नौ लोगों को चोरी से बिजली जलाते पकड़ा। प्रकरण में कॉर्पोरेशन ने सभी के खिलाफ बिजली अधिनियम के तहत पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
सोमवार को पुलिस कार्यालय ने बताया कि विद्युत उपखंड तारून के अवर अभियंता जेपी गुप्ता की ओर से तारुन पुलिस को दी गई शिकायत में आरोप लगाते हुए कहा कि विभागीय जांच में पिछौरा स्थित जन सेवा केंद्र व महरई मोहम्मदपुर में कटिया डालकर चोरी से बिजली जलाई जा रही थी।
बिजली चोरी के मामले में जन सेवा केंद्र संचालक दिलीप कनौजिया, विमल कुमार पांडेय उर्फ सोनू निवासी महरई मोहम्मदपुर समेत सात के खिलाफ तारून थाना पुलिस में केस दर्ज कराया है। इसी प्रकार विद्युत उपकेंद्र केंद्र लाल खां हैदरगंज के अवर अभियंता आदित्य कुमार की शिकायत पर हैदरगंज थाना पुलिस ने इमिलिहा निवासी प्रेम नारायण शुक्ल समेत दो के खिलाफ बिजली अधिनियम के तहत चोरी की रिपोर्ट दर्ज की है। मामले की जांच कराई जा रही है।