अयोध्या। अशफाक उल्ला खां मेमोरियल शहीद शोध संस्थान ने वर्ष 2022 में माटी रतन सम्मान पाने वाले लोगों के नामों की घोषणा कर दी है। संस्थान के प्रबंध निदेशक सूर्यकांत पांडेय ने सिविल लाइंस स्थित एक होटल में आयोजित पत्रकार वार्ता में बताया कि हिंदी में उर्मिलेश को, उर्दू में प्रो. याकूब यावर और जनगीतों की लेखिका और गायिका नेहा सिंह राठौर को माटी रतन सम्मान प्रदान किया जाएगा।
उन्होंने ने दावा किया कि माटी रतन सम्मान लोक सम्मान है। जो किसी भी सरकारी सम्मान से कहीं ज्यादा महत्वपूर्ण है। यह पूर्वांचल में नोबेल पुरस्कार की तरह प्रख्यात है। सम्मान में प्रशस्ति पत्र के अलावा छह अन्य चीजें भी प्रदान की जाएगी।
इसमें सम्मान राशि भी शामिल हैं। उन्होंने बताया कि सम्मान समारोह काकोरी एक्शन के शहीदों के शहादत दिवस 19 दिसंबर को मंडल कारागार अयोध्या के शहीद कक्ष में प्रदान किया जाएगा। इसी दिन शांति सिंह स्मृति छात्रवृत्ति भी दी जाएगी।
इसके लिए गुरुकुल, यतीमखाना व मूकबधिर विद्यालय के छात्र सौरभ कुमार, आसिफ रजा, अमन वर्मा का चयन किया गया है। बताया कि शहीद दिवस पर डॉ. शैलेश पांडेय स्मृति सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता व गीता पांडेय स्मृति निबंध प्रतियोगिता का आयोजन मनोहर लाल इंटर कॉलेज में 16 दिसंबर को आयोजित किया जाएगा। इसमें प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान पाने वाले छात्रों को क्रमश: तीन, दो व एक हजार रुपये का नकद पुरस्कार व प्रशस्ति पत्र दिया जाएगा।