अयोध्या। कमिश्नर मनोज मिश्र ने अफसरों से कहा कि दीपोत्सव को लेकर सभी तैयारियां 15 अक्तूबर तक पूरी की जाएं। उन्होंने दीपोत्सव से जुड़े कार्यों की रिपोर्ट न देने पर क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी को फटकार लगाई। वहीं अस्पतालों में दवाइयों की उपलब्धता और डॉक्टरों की उपस्थिति सुनिश्चित कराने को भी कहा।
कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने 26 अक्तूबर को होने वाले दीपोत्सव कार्यक्रम से संबंधित विभागों के कार्यों की विशेष समीक्षा की।
कहा कि दीपोत्सव में मुख्य कार्य पर्यटन विभाग से किया जाना है, इसमें क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी ने एक भी बार कमिश्नर कार्यालय को इसके संबंध में रिपोर्ट नहीं भेजी, कार्यों की प्रगति से नियमित अवगत न कराने को लेकर कमिश्नर ने क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी को कड़ी फटकार लगाई।
कहा कि प्रत्येक दशा में शुक्रवार शाम तक कार्यों का विवरण और जिम्मेदार अधिकारियों की सूची उपलब्ध कराएं। कमिश्नर ने इस कार्य से जुड़े हुए पर्यटन, राजकीय निर्माण निगम, सिंचाई, नगर निगम, जलनिगम, विद्युत आदि विभाग के अफसरों को निर्देश दिया कि 15 अक्तूबर तक कार्यों को पूरा कर लें।
विशेषकर राम की पैड़ी, दीपोत्सव स्थल की साफ-सफाई कराते हुए पूरा किया जाए। 14 अक्तूबर को पुन: समीक्षा की जाएगी। दीपोत्सव में विशिष्ट व्यक्तियों का आगमन होगा।
इसके मद्देनजर एनएचआई द्वारा अयोध्या से 5.5 किमी लखनऊ व बस्ती मार्ग को दोनों साइडों सहित ठीक किया जाए। जहां पर भी निर्माण कार्य हो रहे हैं, उसे समय से पूरा किया जाए।
कमिश्नर ने मुख्यमंत्री के प्राथमिकता के कार्यक्रमों और घोषणाओं की समीक्षा की। कहा कि कार्यदायी संस्थाएं अपने विभागीय कार्यों का विवरण अपने जिलाधिकारी और कमिश्नर कार्यालय को नियमित रूप से उपलब्ध कराएं। कोई समस्या हो तो भी अवगत कराएं।