अयोध्या। सीएचसी सोहावल पर बीते दिनों प्रसव के उपरांत रेफर किए जाने पर रास्ते में हुई प्रसूता की मौत के मामले में सोमवार को सीएमओ ने अधीक्षक व तीन स्टाफ नर्स पर गाज गिराई है। इलाज में लापरवाही की पुष्टि होने पर तीन स्टाफ नर्सों का सुदूर स्थानांतरण करके अधीक्षक को सीएमओ कार्यालय संबद्ध किया गया है। रौनाही थाना क्षेत्र के सारंगापुर बाबा का पुरवा निवासी पवन कुमारी पत्नी रामबचन को 22 जनवरी को सुबह करीब 09:30 बजे प्रसव के लिए परिजन सीएचसी सोहावल ले गए थे। सुबह 10:03 बजे प्रसूता का एक बच्चा पैदा हुआ। दूसरा बच्चा पैदा न होने पर परिजन रेफर करने का दबाव बनाने लगे, लेकिन स्वास्थ्यकर्मियों ने रेफर नहीं किया। आरोप है कि परिजनों से पांच हजार रुपये की मांग की गई। इसके बदले वहीं पर प्रसव कराने का दावा किया गया। मौके पर कोई चिकित्सक भी उपलब्ध नहीं था और प्रसूता की हालत बिगड़ने लगी तो करीब तीन घंटे बाद रेफर कर दिया गया। रास्ते में प्रसूता ने दम तोड़ दिया तो परिजनों ने 25 जनवरी को सीएमओ समेत उच्चाधिकारियों से शिकायत करके कार्रवाई की मांग की।
सीएमओ ने एसीएमओ डॉ. आरके सक्सेना व डॉ. डीके शर्मा को जांच अधिकारी नियुक्त करके मामले की जांच कराई तो तीन स्टाफ नर्स व अधीक्षक की लापरवाही सामने आई। जांच कमेटी की रिपोर्ट को संज्ञान लेते हुए सोमवार को सीएमओ ने कार्रवाई की है।
अधीक्षक डॉ. प्रदीप कुमार को तत्काल प्रभाव से सीएमओ कार्यालय से संबद्ध किया गया है। उनके स्थान पर वहीं पर तैनात डॉ. अबसार अली को प्रभार सौंपा गया है। जबकि, स्टाफ नर्स प्रज्ञा श्रीवास्तव को सीएचसी सुनबा, निर्मला वर्मा को सीएचसी मिल्कीपुर व प्रतिमा को सीएचसी हैरिंग्टनगंज भेजा गया है। सीएमओ डॉ. अजय राजा ने बताया कि जांच टीम की रिपोर्ट के आधार पर अधीक्षक व स्टाफ नर्सों की लापरवाही सामने आई तो उनके खिलाफ कार्रवाई की गई है।