नगर पंचायत अध्यक्ष पद पर राशिद विजयी।
- फोटो : अमर उजाला
तहसील क्षेत्र की नगर पंचायत भदरसा पर एक बार फिर समाजवादी पार्टी का कब्जा हो गया है। उपचुनाव में मतगणना के बाद अध्यक्ष पद के लिए सपा प्रत्याशी मो. राशिद को निर्वाचित घोषित किया गया। राशिद अपने वालिद के इंतकाल से खाली सीट को बरकरार रखने में सफल रहे।
मतगणना सोहावल तहसील के सामने आरडी इंटर कॉलेज में कड़ी सुरक्षा के बीच कराई गई। मतगणना के बाद विजयी प्रत्याशी को जीत का प्रमाण पत्र रिटर्निंग अफसर व एसडीएम सोहावल अमित सिंह ने सौंप दिया। नगर पंचायत भदरसा के अध्यक्ष पद के लिए कराए गए उपचुनाव में तीन प्रत्याशी मैदान में थे।
बुधवार को मतों की गिनती आरडी इंटर कॉलेज में कराई गई। मतगणना के लिए पांच टेबल सजाई गई थीं। मतगणना के बाद रिटर्निंग अफसर अमित सिंह ने सपा प्रत्याशी मो. राशिद को विजयी घोषित किया।
मतगणना में सपा प्रत्याशी मो. राशिद ने अपने प्रतिद्वंद्वी निर्दल रामबोध सोनी को 1352 मतों से पराजित किया। राशिद को 3342 और रामबोध को कुल 1990 मत प्राप्त हुए। तीसरे प्रत्याशी सईद को 342 मतों से संतोष करना पड़ा। यहां कुल 5742 मत पड़े थे।