अयोध्या। अयोध्या विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष व नगर निगम के नगर आयुक्त रहे डॉ. नीरज शुक्ल को नाका हनुमानगढ़ी में भावभीनी विदाई दी गई। उनका लखनऊ के लिए स्थानांतरण हो गया है।
उनके स्थानांतरण के बाद पौराणिक पीठ नाका हनुमानगढ़ी में महंत रामदास के संयोजन में विदाई समारोह का आयोजन किया गया। जिसमें संतों सहित अन्य लोगों ने उन्हें रामनामा, स्मृति चिन्ह आदि भेंटकर उनके उज्जवल भविष्य का आशीर्वाद दिया।
विदाई समारोह को संबोधित करते हुए नाका हनुमानगढ़ी के महंत रामदास ने कहा कि डॉ.शुक्ल बहुत ही मिलनसार अधिकारी थे, कर्तव्यनिष्ठ एवं कार्य के प्रति उनका समर्पण हम सभी को आकर्षित करता था।
उनके कार्यकाल में ही विकास प्राधिकरण ने मात्र चार दिनों में राममंदिर का नक्शा पास करने का ऐतिहासिक काम भी किया है। ज.गु.रामदिनेशाचार्य ने उनके उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि डॉ.नीरज शुक्ल कुशल अधिकारी तो थे ही उन्होंने अधिकारी के रूप में धर्मनगरी की गरिमा के अनुकूल आचरण किया।
उनके नाम कई ऐतिहासिक काम भी दर्ज हुए हैं। विदाई समारोह में ज.गु.आचार्य रत्नेश, संत रामभूषण दास कृपालु महाराज, प्रो.विक्रमाप्रसाद पांडेय, विकास प्राधिकरण के सचिव रवींद्र प्रताप सिंह, शिवालय परिवार के गणेश राय, अनिल कुमार पांडेय, डायल 100 प्रभारी कमलेश्वर पांडेय, विनय कुमार तिवारी, रामनेवाजदास, संतोष कुमार मिश्र, प्रवेश कुमार शुक्ल आदि मौजूद रहे।