अयोध्या। निपुण भारत मिशन के अन्तर्गत शैक्षिक गुणवत्ता सेमिनार व एडूलीडर्स यूपी सम्मान समारोह का आयोजन राज्य स्तर पर उद्यमिता विकास संस्थान, लखनऊ में किया गया।
इसमें जिले के परिषदीय शिक्षक डॉ. अंबिकेश त्रिपाठी, सदक ए हुसैन और अनूप मल्होत्रा को भी उनके शिक्षा के क्षेत्र में किए गए उल्लेखनीय कार्यों के लिए एडूलीडर्स यूपी सम्मान से सम्मानित किया गया।
डॉ. अम्बिकेश त्रिपाठी को यह सम्मान गणित विषय को विभिन्न नवाचारों के माध्यम से रोचक ढंग से पढ़ाने और सभी बच्चों का रचनात्मक आंकलन करते हुए सहज रूप से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के लिए दिया गया।
इसके अलावा सदक ए हुसैन को सभी बच्चों को निपुण बनाने के लिए लगातार प्रयास करने और अनूप मल्होत्रा को बच्चों को आईसीटी के माध्यम से शिक्षा प्रदान करने, आपदा प्रबंधन, सड़क सुरक्षा के संबंध में सभी बच्चों को प्रशिक्षित करने के लिए दिया गया।
सेमिनार में अनूप मल्होत्रा ने पीपीटी के माध्यम से अपने विद्यालय में किए गए नवाचारों को साझा किया। राज्य स्तर पर आयोजित इस कार्यक्रम का संचालन सदक ए हुसैन ने किया। जिले के इन शिक्षकों की उल्लेखनीय उपलब्धि पर बीएसए संतोष कुमार राय ने उन्हें बधाई दी है।