अयोध्या। रामायण सर्किट योजना के तहत 2017 से बन रही मल्टीलेवल पार्किंग आखिरकार बनकर तैयार हो गई है। बिड़ला धर्मशाला के निकट इस पार्किंग में एक साथ 84 कारें खड़ी हो सकेंगी। पार्किंग का संचालन जल्द ही शुरू हो जाएगा। इससे अयोध्या में पार्किंग से लगने वाला जाम कम हो सकेगा।
इस पार्किंग का निर्माण मार्च 2018 में ही पूरा होना था। बजट भी आवंटित हो गया था। इसी बीच एएसआई ने आपत्ति लगा दी। जिस जमीन पर पार्किंग प्रस्तावित थी, उसके ठीक पीछे सुग्रीव किला है जो कि संरक्षित स्मारक है। इसके बाद योजना बाईपास पर स्थानांतरित कर दी गई। बाईपास पर भी जमीन खरीदने को लेकर काश्तकारों से करीब डेढ़ साल तक विवाद चला।
इसके चलते 22 मई 2019 से काम शुरू हुआ। फिर सितंबर में स्टे आने पर काम रुक गया। इसके बाद 2020 व 2021 में कोरोना संक्रमण के चलते काम प्रभावित हुआ। फिलहाल अब पार्किंग का काम पूरा हो चुका है।
जिसे कार्यदाई संस्था ने पर्यटन विभाग को हैंडओवर भी कर दिया है। 16.44 करोड़ रुपये की लागत से बनी इस पार्किंग में कारों की शिफ्टिंग के लिए 42 मैकेनिकल लिफ्ट भी लगाई गई है।
पर्यटन उप निदेशक आरपी यादव ने बताया कि जल्द ही इसे पीपीपी मोड में संचालित कर दिया जाएगा। इसके लिए टेंडर हो चुके हैं। हाईवे के पास होने के कारण श्रद्धालु यहां अपने वाहन खड़ा कर अयोध्या पहुंच सकेंगे। इससे अयोध्या धाम में जाम से कुछ राहत मिलेगी।