पटरंगा(अयोध्या)। थाना क्षेत्र अंतर्गत लखनऊ-अयोध्या राष्ट्रीय राजमार्ग पर शुक्रवार दोपहर मथुरा का पुरवा गांव के पास श्रद्धालुओं से भरी पिकअप डिवाइडर से टकराकर पलट गई। इस हादसे में 15 श्रद्धालु घायल हो गए।
उन्हें सीएचसी मवई ले जाया गया। वहां से आठ को जिला अस्पताल बाराबंकी रेफर कर दिया गया। सभी बाराबंकी के असंद्रा थाना क्षेत्र के सिल्हौर गांव के निवासी हैं, जो अयोध्या दर्शन-पूजन के लिए जा रहे थे।
हादसे का कारण पिकअप का अगला टायर फटना बताया जा रहा है। इसी की वजह से चालक का नियंत्रण पिकअप से हट गया और वह अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़कर हाईवे पर पलट गया। पिकअप के पलटते ही चीख-पुकार मच गई।
यह देख आसपास के लोग दौड़े और राहत कार्य प्रारंभ किया। सूचना पर पटरंगा थाना प्रभारी व हाईवे पुलिस चौकी प्रभारी अपने टीम के साथ पहुंचे। हादसे में घायल 15 श्रद्धालुओं को एंबुलेंस एवं निजी वाहनों से सीएचसी मवई भेजवाया गया। इसके बाद हाईवे पर पड़ी पिकअप को हटवाकर यातायात बहाल कराया। इस दौरान लगभग एक घंटे हाईवे की एक लेन पर वाहनों का आवागमन बाधित रहा।
सीएचसी मवई के चिकित्साधिकारी डॉ. सुमंत कुमार ने बताया कि शर्मा कुमारी, पुष्पा, सुमन, मिथिलेश, ममता, कुंवारा, पार्वती, पुराना देवी, प्रेम कुमार, राजेश कुमार, ऋषि, रिंकू, जागेश्वरी सभी निवासी रामगढ़ का पुरवा मजरे सिल्हौर थाना असंद्रा जिला बाराबंकी सहित दो अन्य लोग घायल हो गए।
इनमें से शर्मा कुमारी, पुष्पा, सुमन, मिथिलेश, ममता, कुंवारा, राजेश, रिंकू सहित आठ को जिला अस्पताल बाराबंकी रेफर किया गया है। चौकी प्रभारी मिथिलेश कुमार सिंह ने बताया कि घायलों की हालत सामान्य है।