अयोध्या। लखनऊ-गोरखपुर हाईवे पर सोमवार रात लगभग दो बजे अवध विवि के आईटी संस्थान के सामने दो ट्रकों की जबर्दस्त टक्कर हो गई। इसमें एक ट्रक का खलासी बुरी तरह घायल हो गया। उसकी हालत गंभीर होने के कारण उसे लखनऊ रेफर किया गया है। इस हादसे के बाद लगे जाम को पुलिस ने एक घंटे की मशक्कत के बाद खत्म कराया।
तारकोल से लदे ट्रक और गिट्टी लदे ट्रक में आधी रात को भिड़ंत हो गई। इस हादसे में तारकोल लदे ट्रक का खलासी ओम गुर्जर 35 वर्ष निवासी पाली, राजस्थान बुरी तरह घायल हो। इस घटना के बाद हाईवे पर जाम लगना शुरू हो गया।
दोनों ओर से वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सूचना जब पुलिस को मिली तो पुलिस ने दो क्रेन मंगवाकर रूट खाली करवाया, लेकिन इस दौरान एक लेन से वाहन गुजरने के कारण देर तक लोगों को जाम का सामना करना पड़ा।
फतेहगंज चौकी इंचार्ज सुरेश गुप्ता ने बताया कि जाम को तत्काल खुलवा दिया गया था। पुलिस भले ही इस घटना के होने का कारण न बता रही हो, लेकिन यह घटना हाईवे पर खड़े ट्रकों के कारण हुआ है। ऐसा आरोप लगाया जा रहा है।
घटनास्थल के करीब एक विद्यालय के संचालक एचबी सिंह कहते हैं कि जब से हाईवे पर ट्रक खड़े होने लगे हैं। आए दिन इस तरह के छोटे-बड़े हादसे होते रहते हैं। उन्होंने कहा कि कई बार शिकायत के बावजूद अभी तक समस्या का हल नहीं हुआ है।