रुदौली (अयोध्या)। तहसील रूदौली के ग्राम सचिवालय कोपाकाप में दो युवक खुद को श्रम विभाग का कर्मचारी बताकर श्रमिकों से सौ-सौ रुपये वसूल रहे थे। यह जानकारी जब एसडीएम को मिली तो वह मौके पर पहुंच गए। पूछताछ में युवक हड़बड़ा गए और संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए। एसडीएम ने दोनों को पुलिस के हवाले करके श्रम विभाग को जांच के निर्देश दिए हैं।
एसडीएम स्वप्निल यादव मंगलवार को कोपाकाप से निकल रहे थे। इस दौरान ग्राम सचिवालय में भीड़ देख वह रुक गए। ग्रामीणों ने एसडीएम को बताया कि ग्राम सचिवालय में दो युवक अपने को श्रम विभाग का कर्मचारी बताकर 100 रुपये लेकर श्रमिकों का बीमा करने की बात कर रहे है।
एसडीएम ने दोनों युवकों से पूछताछ की तो दोनों कोई भी संतोषजनक उत्तर नहीं दे सके। एसडीएम ने क्षेत्रीय श्रम अधिकारी को जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए। एसएसआई लल्लन सिंह राठौर ने बताया कि अरविंद कुमार और सुगंध शुक्ला निवासी ग्राम नारायणपुर थाना पूरा कलंदर को हिरासत में लिया गया। जांच के बाद स्थिति स्पष्ट होगी। संवाद