अयोध्या। राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत अवध विश्वविद्यालय की बीए, बीएससी, बीकॉम प्रथम व तृतीय सेमेस्टर की परीक्षाएं 28 जनवरी से प्रारंभ होंगी। इसके लिए सात जिलों में कुल 464 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।
दोनों पालियों में लगभग चार लाख विद्यार्थी परीक्षा देंगे। सेमेस्टर परीक्षा 2 मार्च तक चलेगी। बुधवार को विवि के कौटिल्य प्रशासनिक भवन में कुलपति प्रो. प्रतिभा गोयल ने विवि से संबद्ध महाविद्यालयों के प्राचार्यों व केंद्राध्यक्षों के साथ परीक्षा को लेकर ऑनलाइन बैठक की।
कुलपति ने बताया कि स्नातक सेमेस्टर परीक्षा की पारदर्शिता को बनाए रखने में सभी का सहयोग अपेक्षित है। परीक्षा केंद्रों की निगरानी सीसीटीवी कैमरे से की जाएगी। इसके अलावा परीक्षा की शुचिता के लिये छह सचल दल का गठन किया गया है। इसमें महिला सचल दल को भी तैयार किया गया है। इनके द्वारा हर केंद्रों का औचक निरीक्षण कर तलाशी कराई जाएगी।
कुलपति ने बताया कि नकलविहीन परीक्षा कराना केंद्रों की पहली प्राथमिकता होगी। किसी भी केंद्र पर परीक्षा संबंधी लापरवाही पाई जाती है तो उसके खिलाफ परीक्षा नियमों के तहत कार्रवाई की जा सकती है। परीक्षा नियंत्रक उमानाथ ने बताया कि विवि के कंट्रोल रूम से केंद्रों के सीसीटीवी कैमरे की निगरानी की जाएगी।