श्रीराम मुस्लिम कारसेवक मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष राष्ट्रवादी आजम खान ने शुक्रवार को अचानक अयोध्या पहुंच सरयू तट स्थित परमहंस के अंतिम संस्कार स्थल पर राम मंदिर निर्माण के लिए 11 शिलाओं की पूजा अर्चना की। उसके पश्चात पूजित शिलाएं सिटी मजिस्ट्रेट आरएन पटेल के हवाले कर दीं।
मीडिया से वार्ता के दौरान आजम खान ने कहा कि राम मंदिर निर्माण में इन शिलाओं का प्रयोग किया जाए। इस बाबत उन्होंने विवादित परिसर के रिसीवर कमिश्नर को देने के लिए शिलाओं को सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा।
कहा कि राम मंदिर के लिए मुस्लिमों को जगाने का अभियान चला रहा हूं। यह पूजित शिलाएं संदेश दे रही हैं कि मुसलमानों को राम मंदिर के लिए इससे बल मिलेगा।
उन्होंने कहा कि पूरे परिसर में राम मंदिर के अलावा किसी तरह का निर्माण न हो, चाहे इसके लिए मुस्लिमों को ढाई एकड़ की जगह दस एकड़ की जमीन ऐसे स्थान पर दे दी जाए, जो मुस्लिम बाहुल्य हो और वहां भव्य जामा मस्जिद बने न कि बाबरी मस्जिद। कार्यक्रम में महंत बृजमोहन दास, एन मिश्र, केएन शुक्ल आदि मौजूद रहे।