अमानीगंज (अयोध्या)। मदरसे के एक शिक्षक की हत्या से शनिवार को इलाके में सनसनी फैल गई। खंडासा थाना क्षेत्र के आजादनगर घटौली चौराहे पर शनिवार भोर लगभग चार बजे मदरसे के एक शिक्षक की हत्या करने के बाद तिरपाल में शव लपेटकर बाइक पर लादकर आरोपी जा रहे थे। इस दौरान बाइक स्पीड ब्रेकर पर अनियंत्रित होकर गिर गई। जब ग्रामीण उठाने दौड़े तो हत्यारे बाइक व पीले तिरपाल में बंधा शव छोड़कर भाग गए। तिरपाल के अंदर खून के छींटे और शव देखकर ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी।
सूचना पाकर एसपी ग्रामीण समेत तीन थानों की फोर्स मौके पर पहुंची। पुलिस अधीक्षक ग्रामीण की मौजूदगी में फॉरेंसिक टीम ने जांच की। इसके बाद तिरपाल में बंधे शव को थाने ले जाकर खोला गया। मृतक के पास मिले पर्स से उसकी पहचान शाकिब (35) पुत्र अजीज निवासी परसौली कोतवाली रुदौली के रूप में हुई। युवक एक मदरसे में पढ़ाता था। वह अपनी जायदाद बेचकर भेलसर में किराए के कमरे में रहता था। लोगों का कहना है कि वह पहले कुछ मामलों में जेल भी जा चुका है। मौके से मिली बाइक को पुलिस ने मौके से कब्जे में ले लिया है। बाराबंकी में पंजीकृत काले रंग की बाइक भी शाकिब के नाम से ही पंजीकृत है। मृतक के चेहरे पर दाहिनी तरफ किसी गंभीर ठोस वस्तु से मारने के निशान मिले हैं।
नहर में शव को फेंकने की फिराक में थे हत्यारे
युवक की जेब से उत्तेजना बढ़ाने वाली दवाएं भी मिली हैं। मौके पर एक मौलवी वाली टोपी, ऐनक, इत्र की शीशी, कुर्ता व दो जोड़ी चप्पल भी मिली हैं। आशंका है कि आरोपी युवक की हत्या कर शव को ठिकाने लगाने की फिराक में थे। लेकिन स्पीड ब्रेकर पर अनियंत्रित होकर गिरने से वह अपने मंसूबों में कामयाब नहीं हो सके। जिस स्थान पर शव प्राप्त हुआ है, वहां से महज पांच सौ मीटर की दूरी पर शारदा सहायक जुड़वा नहरें हैं। ऐसा माना जा रहा है कि हत्यारे नहर में ही शव को ठिकाने लगाना चाह रहे थे।
एक महिला व दो युवकों से पुलिस कर रही पूछताछ
सूत्रों के अनुसार, पुलिस घटना के खुलासे के करीब है। घटौली गांव के ही संदिग्ध दो पुरुष व एक महिला को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है। वे पेशे से नाई का काम करते हैं। ग्रामीणों का कहना है कि शाकिब ने शुक्रवार को प्रेमिका के खाते में रुपये भी जमा किए थे।
संदिग्ध व्यक्ति की तलाश में छापा
पुलिस सुल्तानपुर जिले के एक संदिग्ध व्यक्ति की तलाश में भी छापा मार रही है। एसपी ग्रामीण अतुल कुमार सोनकर ने बताया कि परिस्थितियों के अनुसार प्रथम दृष्ट्या ऐसा लग रहा है कि हत्या के बाद शव को छिपाने का प्रयास किया जा रहा था। हालांकि अभी जांच के बाद ही कुछ कहा जा सकता है। प्रथम दृष्टया मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा हुआ प्रतीत हो रहा है।