गुदड़ी बाजार पर अक्सर लगने वाला जाम सोमवार को खादी व खाकी के बीच विवाद का कारण बन गया। जिले के एक विधायक के भाई ने रोड पर ऐसी गाड़ी खड़ी की कि भीषण जाम लग गया। गाड़ी को हटाने पहुंचे होमगार्ड जवान को बाद में चौकी में भागकर जान बचानी पड़ी। लेकिन देर शाम पंचायत के बाद मामला शांत हो गया।
गुदड़ी बाजार चौराहे पर दोपहर में जाम के हालात होने पर यातायात कर्मियों के साथ पुलिस वाले ट्रैफिक को व्यवस्थित करने की कवायद में जुटे रहे। इसी बीच जाम की वजह एक विधायक के भाई की एसयूवी बन गई। होमगार्ड ने कुछ कह दिया, जिससे वे नाराज हो गए। होमगार्ड को हड़काया तो वह चौकी में भाग गया।
सूचना पर चौकी के कर्मी मौके पर पहुंचे और जाम खत्म करवा वाहनों को आगे बढ़वाया। कुछ देर बाद विधायक के भाई अपने साथियों संग चौक स्थित चौकी पहुंच गये और एक होमगार्ड पर बरस पड़े। बताते हैं कि जाम के फंसे होने के दौरान किसी ने कमेंट कर दिया था कि छह माह और है, फिर सारी हेकड़ी खत्म हो जाएगी।
किसी ने यह बात विधायक के भाई को बता दी तो वह तैश में आकर चौकी पहुंच गये। इस बाबत होमगार्ड जवान का कहना है कि उसने कोई कमेंट नहीं किया था। भीड़ में किसी ने कर दिया होगा। वहीं विधायक के भाई का कहना है कि महज गफलत थी। कोई बात नहीं है। चौकी प्रभारी अमित मिश्रा ने बताया कि कोई विवाद नहीं हुआ है और न ही कोई शिकायत है।