अयोध्या। सर्किट हाउस में नगर विधायक वेदप्रकाश गुप्ता ने केंद्र सरकार की नौ वर्षों की उपलब्धियां गिनाईं। उन्होंने कहा कि राममंदिर निर्माण के साथ अयोध्या वैश्विक पर्यटन नगरी का स्वरूप धारण कर रही है।
उन्होंने कहा कि राम मंदिर का प्रथम तल पूरा होने के बाद प्रधानमंत्री मोदी आएंगे। हवाई अड्डे समेत तमाम योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। अयोध्या धाम रोडवेज स्टेशन के संचालन के लिए सीएम योगी ने हाईवे पर अंडरपास बनवाने का निर्देश दिया है। बताया कि पीएम मोदी के नेतृत्व में बीते नौ वर्षों में एक नए भारत का निर्माण हुआ है। वहीं प्रदेश की योगी सरकार ने विकास योजनाओं को गति ही नहीं प्रदान की बल्कि बीमारू प्रदेश की श्रेणी में शामिल उत्तर प्रदेश को तमाम मामलों में अग्रणी स्थान पर ला खड़ा किया है।
विधायक ने कहा कि अयोध्या में हजारों करोड़ की योजनाओं से हर ओर विकास कराया जा रहा है। अयोध्या के चारों ओर बनने वाले छह प्रवेश द्वारों पर भी सार्वजनिक सुविधाओं और पार्किंग की व्यवस्था का खाका खींचा गया है। स्वास्थ्य सुविधा की बेहतरी के लिए मुख्यमंत्री ने श्रीराम अस्पताल, जिला अस्पताल और जिला महिला अस्पताल को उच्चीकृत करने व सुविधाएं उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है। एक और ट्राॅमा सेंटर का निर्माण प्रस्तावित है। इस दौरान महानगर अध्यक्ष अभिषेक मिश्र भी मौजूद रहे।