रौजागांव। कोतवाली क्षेत्र रुदौली के बैनामा पुरवा गांव निवासी राम उजागिर रावत की पुत्री ज्योति (16) बुधवार शाम अचानक घर से कहीं चली गई थी। खोजबीन के दौरान ग्रामीणों ने बताया था कि उसको नहर की ओर जाते देखा गया था। उसकी चप्पल शारदा सहायक नहर के पुलिया पर पड़ी मिली थी। तब परिजनों ने आत्महत्या की आशंका जताते हुए कोतवाली में सूचना दी।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से नहर में किशोरी की तलाश शुरू की थी। प्रभारी निरीक्षक शशिकांत यादव ने बताया कि मामले में गुमशुदगी दर्ज की गई थी। नहर में उसकी तलाश कराई जा रही थी। बताया कि शनिवार सुबह ग्रामीणों ने गुलचप्पा ठोकर के पास एक लड़की का शव फंसा देखा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसकी पहचान ज्योति के रूप में की। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।