अयोध्या। डोगरा रेजिमेंटल सेंटर में तैनात एक सैन्य अधिकारी की बेटी गुरुवार शाम अपने आवास से स्कूटी समेत लापता हो गई। वह केंद्रीय विद्यालय में कक्षा-11 की छात्रा है। जाने से पूर्व उसने घर पर एक लेटर भी छोड़ा है, जिसमें उसने लिखा है कि पढ़ने में कमजोर होने के कारण वह घर छोड़कर जा रही है। परिवारीजनों की तहरीर पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर किशोरी की तलाश शुरू कर दी है। अब तक उसका पता नहीं चला है।
डोगरा रेजिमेंटल सेंटर में रहने वाले एक अधिकारी ने थाना कैंट पुलिस को सूचना दी कि उनकी पुत्री (16) गुरुवार शाम करीब 4 बजे अपनी स्कूटी लेकर निकली थी लेकिन घर नहीं लौटी। उन्होंने बताया कि बेटी के कमरे से उन्हें एक पत्र भी मिला है, जिसमें बेटी ने लिखा है कि मैं पढ़ने में कमजोर हूं।
पिछली परीक्षा में भी फेल हो गई थी, इसलिए अब जीने की इच्छा नहीं है। घर छोड़कर जा रही हूं। वह केंद्रीय विद्यालय में कक्षा-11 की छात्रा है। पुलिस ने सूचना के आधार पर गुमशुदगी दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। थाना कैंट प्रभारी विनोद बाबू मिश्र ने बताया कि छात्रा की तलाश में कई टीमें लगाई गईं हैं। इसके लिए पुलिस के सी एप के साथ सोशल मीडिया का भी सहारा लिया जा रहा है। संभावना है कि वह स्कूटी समेत कहीं छुप गई है।