एक बार फिर चांदपुर माइनर सोमवार की मध्य रात्रि के बाद कट गई। सौ एकड़ से ज्यादा क्षेत्रफल में इसका पानी फैल गया। इसके साथ ही आसपास के पांच गांवों में पानी घुस गया। एक जेसीबी भी उसमें फंस गई।
दर्जनों किसानों की धान की नर्सरी के साथ ही उड़द, मकई सहित अन्य फसलें डूब गई। इन गांवों में हलचल मच गई है। तहसील प्रशासन के साथ ही नहर विभाग के अफसर मौके पर पहुंच गए हैं।
माइनर का पानी रोककर इसे बांधने का काम शुरू कर दिया गया है। आसपास के गांव वालों के मुताबिक, उन लोगों को नहर कटने की जानकारी भोर में जब गांव में पानी चढ़ने लगा तब हुई। इससे गांवों में हलचल मच गई।
इसके बाद प्रशासन को इसकी सूचना दी गई। गांव के लोगों के मुताबिक, माइनर का पानी सोहावल तहसील क्षेत्र के सिड़हिर, दौलतपुर, कोलई का पुरवा, दारोगा का पुरवा, बाबा का पुरवा गांवों में घुस गया।
इसके साथ ही सिड़हिर के रहने वाले कुंवर बहादुर सिंह, स्वामी नाथ प्रजापति, रामदीन, राजकुमार के घरों में पानी घुस गया। कोलई का पुरवा के बिल्लू, बाबा का पुरवा के निहोरे, दारोगा के पुरवा के मंगरू, रामजतन के घर में पानी घुस गया है।
इन लोगों का काफी सामान डूब गया है। गांव के लोगों के मुताबिक, सिड़हिर के मो. इस्लाम, स्वामी प्रसाद चौरसिया, रामजनम, प्रदीप, अमरीश, दीपक, रामू, मनोज यादव, रामसुमेर, छोटेलाल, मेवालाल, बाबूलाल की धान की नर्सरी, उड़द, मेंथा की फसलों को भारी क्षति हुई है।
इसके साथ ही अन्य गांवों के लोगों की फसलें भी खासी बर्बाद हो गई हैं। गांव के लोगों का कहना है कि माइनर में आगे सफाई न होने के कारण इधर पानी चढ़ जाता है। इसके कारण माइनर कट रही है। सफाई कराई जाए तो समस्या समाप्त होगी।
एसडीओ पीके श्रीवास्तव की सूचना पर माइनर को बंद करवाकर बंधा सही करा दिया गया है। पानी चालू करवा दिया गया। स्थल का दौरा करने वाले नायब तहसील पैगाम हैदर अपनी टीम के साथ पहुंचे थे।
उनका कहना है कि नहर रात में कट गई थी। माइनर का पानी बंद करवाकर किनारे को बंधवा दिया गया है। शाम को पुन: पानी चालू करवा दिया गया है। बताया कि किसानों की क्षति का आंकलन करने के लिए लेखपालों का लगाया गया है।